कोरोना प्रतिबंध के बीच मां तारिणी का चैत्र पर्व शुरू, मां के पीठ में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
3 अतिरिक्त एसपी 3 डीएसपी 12 आईआईसी 14 सब इंस्पेक्टर 62 एएसआई के साथ 9 प्लाटुन पुलिस बल तैनात। पहाड़ के ऊपर मां के पास मुंडन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं को केवल दर्शन करने की अनुमति दी गई है।
जासं., भुवनेश्वर : दक्षिण ओड़िशा की अधिष्ठात्री देवी मां तारिणी का चैत्र पर्व चैत्र मास के पहले मंगलवार से मां के पीठ में शुरू हुआ है। कोरोना गाइड लाइन के बीच मां का यह पर्व मनाया जा रहा है। वयस्क, गर्भवती महिला, शिशुओं को यात्रा में जाने पर जिला प्रशासन की तरफ से प्रतिबंध लगाया गया है।
श्रद्धालुओं को केवल दर्शन करने की अनुमति दी
जानकारी के मुताबिक मां के पीठ में पांच मंगलवार को यह पर्व मनाया जाएगा। श्रद्धालु मां के पास मन्नत रखने के साथ ही मां का दर्शन कर रहे हैं। कोरोना संक्रमण को देखते हुए दर्शन करने के लिए जिला प्रशासन ने अलग से गाइडलाइन जारी किया हुआ है। पहाड़ के ऊपर मां के पास मुंडन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं को केवल दर्शन करने की अनुमति दी गई है।
गाइडलाइन का ध्यान, 180 होमगार्ड तैनात किए हैं
दर्शन के समय व्यक्तिगत दुराव का अनुपालन करने, मास्क पहनने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से अनुपालन करने के लिए 3 अतिरिक्त एसपी, 3 डीएसपी, 12 आईआईसी नियोजित किया गया है। 14 सब इंस्पेक्टर, 62 एएसआई के साथ 9 प्लाटुन पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके अलावा 180 होमगार्ड तैनात किए गए हैं।