ओडिशा में फिर सामने आया नाबालिग छात्रा के गर्भवती होने का मामला: आरोपी गिरफ्तार
धर्मगढ थाना इलाके में एक नाबालिग छात्रा के गर्भवती होने का मामला सामने आया है, पुलिस ने आरोपी को गिरफ़तार कर लिया है।
भुवनेश्वर, जेएनएन। दुष्कर्म जैसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कानून बनाए जाने के बावजूद इस घटना में कमी आने के बजाय लगातार वृद्धि होने से सरकार एवं प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। जानकारी के मुताबिक कंधमाल, जाजपुर, ढेंकानाल के बाद अब कलाहाण्डी जिला के धर्मगढ थाना इलाके में एक नाबालिग छात्रा के गर्भवती होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है, जिसका नाम सुग्रीव जाल है और वह शादीशुदा है। पीड़ित छात्रा को इलाज के लिए बरहमपुर स्थित एमकेसीजी अस्पताल में भर्ती किया गया है।
धर्मगढ के डीएसपी एस.एन.शतपथी ने कहा है कि नाबालिग की उम्र 11 साल है। उसके साथ जिसने दुष्कर्म किया था वह शादीशुदा है। उसका नाम सुग्रीव जाल है और वह भी उसी गांव का रहने वाला है। उसे गिरफ्तार कर कोर्ट चालान कर दिया गया है, जहां से जमानत नामंजूर हो जाने के बाद जेल भेज दिया गया है। नाबालिग का बयान रिकॉर्ड किए जाने के साथ उसका डाॅक्टरी मुआयना किया गया है।
डीएसपी ने कहा है कि दुष्कर्म के संदर्भ में नाबालिग छात्रा ने अपने घर में किसी को कुछ नहीं बताया था। बाद में जब शारीरिक अवस्था खराब हुई तो उसे उसके परिवार वाले अस्पताल ले आए, अस्पताल में परीक्षण के बाद पता चला कि वह गर्भवती है।
यहां उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले ही कंधमाल जिला के एक सेवाश्रम में एक छात्रा ने कन्या संतान को जन्म दिया था। वह भी दुष्कर्म का शिकार हुई थी। उसकी संतान की मौत हो गई थी। इसके बाद जाजपुर जिला के कलिंगनगर थाना इलाके में एक नाबालिग कन्या के संतान को जन्म देने की बात सामने आयी। एक दिन पहले ही ढेंकानाल से भी इसी तरह की खबर सामने आयी थी। यहां पर एक सेवाश्रम स्कूल के छठी कक्षा की छात्रा के सात माह के गर्भवती होने की बात पता चली थी। इस तरह की घटना में लगातार सामने आने से समाज के बुद्धिजीवी वर्ग ने कड़ी नाराजगी जाहिर किया है।