मेडिकल कॉलेज की छात्रा से कॉलेज कैंपस में दुष्कर्म
हालांकि आरोपी ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को पूरी बेबुनियाद बताया है। उसने बताया कि उसे फंसाया गया है।
भुवनेश्वर, जेएनएन। राजधानी के एक निजी मेडिकल कॉलेज में प्रथम वर्ष की छात्रा के साथ कॉलेज कैंपस में दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। इस मामले में मनचेश्वर थाना पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर कॉलेज के चपरासी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान कटक जिले के एटागढ़ के मनोज कुंटिया के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक पीडि़ता ने इस बारे में पुलिस को शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया किमंगलवार की रात को हॉस्टल में आते समय कैंपस में उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने इस शिकायत के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया। इसके बाद दोनों का मेडिकल परीक्षण कराया गया।
इस बारे में भुवनेश्वर के डीसीपी सत्यव्रत भोई ने बताया कि पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 161 के तहत पीडि़ता का बयान दर्ज कर लिया है। मेडिकल कॉलेज के चेयरमैन के इस बारे में बताया कि घटना मंगलवार रात साढ़े सात बजे केकरीब हुई। छात्रा आरोपी को नहीं पहचानती थी। उसके द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर कॉलेज प्रबंधन ने आरोपी की पहचान कर पुलिस के हवाले करा दिया।
हालांकि आरोपी ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को पूरी बेबुनियाद बताया है। उसने बताया कि उसे फंसाया गया है। उसका दावा है कि मंगलवार रात नौ बजे उसने छात्रा को उसके पुरुष दोस्त के साथ आपत्तिजनक अवस्था में देखा था। तब उसने दोनों पर चिल्लाया था और प्राचार्य को घटना की जानकारी देने की बात कही थी।
हालांकि दोनों ने माफी मांगते हुए घटना की जानकारी किसी को नहीं देने की गुहार लगाई थी। दोनों ने कहा था कि भविष्य में इस तरह की हरकत कभी नहीं करेंगे। इसके बाद वह (आरोपी) अपने कमरे में सोने चला गया लेकिन पुलिस सुबह चार बजे पहुंची और उसे पकड़कर थाना ले आई।
यह भी पढ़ें: पुत्र की हत्या के मामले में अभियुक्त पिता को उम्रकैद की सजा