मयूरभंज में 'दुल्हन' और 'झुना' पर दंतैल हाथी का हमला
मयूरभंज जिला के द्वारासुणी घाटी में एक दंतैल हाथी ने खूब उत्पात मचाया।
मयूरभंज में 'दुल्हन' और 'झुना' पर दंतैल हाथी का हमला
संवाद सूत्र, संबलपुर : रविवार के दिन, मयूरभंज जिला के द्वारासुणी घाटी में एक दंतैल हाथी ने खूब उत्पात मचाया। जिला मुख्यालय बारीपदा से रायरंगपुर की ओर जाती दो यात्रीवाही बस दुल्हन और झुना पर हमला कर दिया। सौभाग्यवश दोनों बसों के चालकों ने हाथी को देख लिया था और बिना रुके बसों को आगे ले गए। इस दौरान दंतैल हाथी के दांत से दुल्हन बस में एक बड़ा छेद हो गया, लेकिन यात्रियों को कोई नुकसान नहीं हुआ। इसकी खबर लगते ही बिशोई रेंज के वन कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया और स्थानीय लोगों की सहायता से दंतैल हाथी को वापस जंगल की ओर खदेड़ दिया। इस घटना के बाद से राजमार्ग नंबर- 49 से होकर गुजरने वाले चालक और लोग किसी अनहोनी को लेकर आशंकित हैं।
कुछ दिन पहले हाथियों का एक झुंड झारखंड की ओर से मयूरभंज जिला की ओर आ गया है। इस झुंड में छह हाथी हैं। रविवार के दिन हाथियों का यह झुंड भोजन की तलाश में जंगल से निकलकर बारीपदा-रायरंगपुर मार्ग पर स्थित द्वारासुणी घाटी से गुजरते हुए राजमार्ग पर आ गया था। इस झुंड का एक दंतैल हाथी झुंड से अलग होकर एक ढाबा के पास तक चला आया। राजमार्ग से होकर गुजरते वाहनों की आवाज से वह विचलित हो गया और इधर-उधर दौड़ने लगा। इसी दौरान बारीपदा से रायरंगपुर की ओर जाती दुल्हन और झुनी नामक बस उधर से होकर गुजरी। बताते हैं कि इन बसों को देख दंतैल हाथी उधर दौड़ा, लेकिन बसों के चालकों ने खतरा भांपकर बसों को बड़ी सफाई से बचाकर आगे बढ़ गए। बावजूद इसके दंतैल हाथी के दांत से दुल्हन बस में एक बड़ा छेद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो हमला करने वाले हाथी के एक पैर में जख्म भी था। शायद इसी वजह से वह अधिक हिंसक होकर उत्पात मचा रहा था।