भुवनेश्वर में पारा 43.7 डिग्री, धूप से बढ़ी मुसीबत
ओडिशा में गर्मी ने कहर बरपाना शुरु कर दिया है यहां आठ स्थानों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चल रहा है।
भुवनेश्वर, जेएनएन। प्रदेश की राजधानी समेत पूरे राज्य में चिलचिलाती धूप ने लोगों की मुसीबत बढ़ा दी है। सुबह नौ बजे से ही सूर्य का कहर बरपना शुरू हो जा रहा है जो शाम पांच बजे तक जारी रहता है। मंगलवार को भुवनेश्वर राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उसी तरह से सांस्कृतिक एवं व्यापारिक नगरी कटक में भी पारा 41.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
इन दिनों पूरे ओडिशा में तेज गर्मी की लहर जारी है। आठ स्थानों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चल रहा है। टिटलागढ़ में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, इसके बाद झारसुगुड़ा 40 डिग्री, संबलपुर 39.9, तालचेर 43.3, मलकानगिरी 40.8 और अनुगुल 42.7 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि, राज्य के तटीय भागों में थोड़ी राहत मिली। जबकि चंदबली में 40.5 डिग्री सेल्सियस, पारादीप ,32.6, बारीपदा 39.6, हीराकुद 39.1 और गोपालपुर 32.2 का तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि अगले कुछ दिनों तक तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।
स्कूलों में ग्रीष्मावकाश, अब 17 जून को खुलेंगे
राज्य में एक सप्ताह से लगातार ग्रीष्मप्रवाह जारी रहने निर्धारित समय से पहले ही स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। राज्य सरकार ने गुरुवार से सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों में छुट्टी घोषित किया गया है। यह जानकारी विशेष राहत आयुक्त विष्णुपद सेठी ने दी है। अब स्कूल 17 जून को खुलेंगे।