ओडिशा में भारी बारिश और भूस्खलन की चेतावनी, मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की हिदायत
Odisha Weather Update ओडिशा में मौसम विभाग ने 10 अगस्त को भारी बारिश का अलर्ट (Heavy Rain Alert) जारी किया है साथ ही पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की भी संभावना है। वहीं मछुआरों को भी समुद्र में न जाने की हिदायत दी गई है।
भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। ओडिशा में सक्रिय मानसून के प्रभाव से राज्य भर में वर्षा जारी है। भुवनेश्वर मौसम विभाग ने 7 अगस्त को बंगाल की खाड़ी (Bay of Bengal) में कम दबाव का क्षेत्र बनने की जानकारी देने के साथ ही 10 अगस्त प्रदेश में भारी वर्षा होने की संभावना व्यक्त की है। मछुआरों को गहरे समुद्र में ना जाने की हिदायत दी गई है। इसके साथ ही पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन होने की भी सम्भावना मौसम विभाग ने जतायी है।
जानकारी के अनुसार, पश्चिम-मध्य में आंध्र तट के साथ एक सक्रिय चक्रवात के प्रभाव में 7 अगस्त को उत्तर-पश्चिम और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी क्षेत्र में एक कम दबाव का केंद्र बनने की संभावना है। इससे राज्य में अगले 10 अगस्त तक भारी बर्षा होने की संभावना है।
कच्ची सड़कें और कच्चे मकान होंगे प्रभावित
मौसम विभाग ने आज से राज्य में बारिश की मात्रा बढ़ने का अनुमान जताया है। भारी बारिश (Heavy Rain Alert) के कारण निचले इलाकों में पानी भर जाने की संभावना है और कच्ची सड़कें और कच्चे मकान प्रभावित होंगे।
भारी से बहुत भारी बारिश के प्रभाव में संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन (Landslide in Odisha) की संभावना है। भुवनेश्वर क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने किसानों को अस्थायी रूप से 10 तारीख तक जमीन पर कीटनाशक, उर्वरक और सिंचाई नहीं करने की जानकारी दी है।
मछुआरों को समुद्र में न जाने की हिदायत
आज सुबह 8:30 बजे से 11:30 बजे तक बारिश की मात्रा दर्ज की गई है। पुरी में 87 मिमी बारिश हुई, जबकि भुवनेश्वर एवं पारादीप में 24.6 मिमी, चांदबाली में 15 मिमी, बालेश्वर में 13 मिमी और गोपालपुर में 6 मिमी बारिश हुई। 7 अगस्त से तीन दिन के लिए मछुआरों के गहरे समुद्र में जाने पर रोक लगा दी गई है।
17 जिलों में येलो अलर्ट
यहां उल्लेखनीय है कि भुवनेश्वर मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार के लिए प्रदेश के 17 जिलों में भारी वर्षा को लेकर लेकर पीली चेतावनी (Yellow Alert) जारी की थी।इन 17 जिलों मालकानगरी, कोरापुट, रायगड़ा, गजपति, कंधमाल, गंजाम, पुरी, खुर्दा, नयागढ़, बौद्ध, सोनपुर, बरगढ़, अनुगुल, ढेंकनाल, कटक, जगतसिंहपुर और केंद्रपाड़ा जिला शामिल है। इन तमाम जिलों में आज सुबह से ही वर्षा का दौर जारी है।