पूर्व मंत्री मतलूब अली का निधन, मुख्यमंत्री ने प्रकट किया शोक
ओडिशा के पूर्व मंत्री तथा वरिष्ठ कांग्रेस नेता शेख मतलूब अली (78) का निधन हो गया है।
जासं, भुवनेश्वर : ओडिशा के पूर्व मंत्री तथा वरिष्ठ कांग्रेस नेता शेख मतलूब अली (78) का निधन हो गया है। विगत सात सितंबर को को उनकी तबीयत खराब होने के बाद उन्हें भुवनेश्वर के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां इलाज के दौरान गुरुवार की सुबह 6 बजकर 59 मिनट पर उन्होंने अंतिम सांस ली। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने दिवंगत नेता के परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए शोक प्रकट किया है। इसके साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री हेमानंद विश्वाल के साथ विभिन्न राजनीतिक दल के नेताओं ने ट्वीट कर मतलूब अली के निधन पर शोक प्रकट किया है।
उल्लेखनीय है कि शेख मतलूब अली प्रदेश के परिचित नेताओं में से एक थे। 16 दिसंबर 1942 को उनका जन्म हुआ था। कांग्रेस के टिकट पर वह 4 बार कटक जिले के माहांगा विधानसभा सीट से विधानसभा के लिए चुने गए थे और हर बार उन्हें मंत्रिमंडल में जगह मिली थी। वह ग्रामीण विकास, उच्च शिक्षा मंत्री जैसे अधिकांश महत्वपूर्ण विभाग के मंत्री का दायित्व निभा चुके थे। वह एक साहित्यिक एवं संगीत प्रेमी थे।