दहेज के लिए पत्नी की हत्या कर पति फरार
दहेज रूपी दानव आज भी हमारे समाज में अभिशाप बना हुआ है। अपना घर-बार छोड
जासं, भुवनेश्वर : दहेज रूपी दानव आज भी हमारे समाज में अभिशाप बना हुआ है। अपना घर-बार छोड़कर ससुराल जाने वाली लड़कियों को कहीं न कहीं आज भी दहेज के नाम पर सताया जा रहा है और दहेज नहीं मिलने पर उनकी हत्या कर दी जा रही है। सरकार की तरफ से दहेज लेने एवं देने के खिलाफ कड़ा कानून होने के बावजूद इस सामाजिक बुराई पर पूर्ण तरीके से अंकुश नहीं लग पा रहा है। ऐसी ही एक घटना रविवार को मयूरभंज जिले के कटिपाड़ा थाना अन्तर्गत महुलदिहा गांव में घटी है। दहेज नहीं लाने पर विश्वजीत मुखर्जी ने अपनी पत्नी की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर फरार हो गया है। मृतका गुमुरी मुखर्जी के परिजनों ने उसके पति विश्वजीत मुखर्जी पर दहेज नहीं देने पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इसमें बताया गया है कि रविवार को देर शाम पति-पत्नी के बीच झगड़ा होने के बाद गुमुरी बिना खाये सो गयी। इसके बाद पति विश्वजीत ने लोहे की रड से पीट-पीटकर उसे मार डाला। उसका विवाह 2016 में हुआ था, तभी से उसे दहेज के लिए यातनाएं दी जा रही थी। पुलिस इस संबंध में एक मामला दर्ज कर आरोपित पति की तलाश कर रही है।