मादा हाथी ने तोड़ा दम: चार दिन पहले शिकारी की गोली से हुई थी जख्मी
ओडिशा के कटक जिले के चौद्वार थाना अन्तर्गत तालिमजोड़ा संरक्षित जंगल में गोली लगने से एक घायल मादा हाथी की मौत हो गयी ये मादा हाथी चार दिन पहले एक शिकारी की गोली लगने की वजह घायल हो गयी थी।
भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। कटक जिले के चौद्वार थाना अन्तर्गत तालिमजोड़ा संरक्षित जंगल में एक घायल हाथी की मौत हो गई है। चार दिन पहले हाथी को गोली लगी थी और आज उसने कटक वनखंड तालिमजोड़ा रेंज संरक्षित जंगल में अस्वस्थ अवस्था में दम तोड़ दिया है।
खबर के मुताबिक शिकारियों ने हाथी को गोली मारी थी। मंगराजपुर पंचायत के बांझीआमा गांव के पास मौजूद एक जंगल में कुछ दिन पहले शिकारी ने इस मादा हाथी के दाहिने पैर में गोली मारी थी। शिकारी सामान्य तौर पर नर हाथी का शिकार करते हैं मगर यहां शायद नर हाथी का शिकार करने के बौरान मादा हाथी उनका शिकार हो गई। गोली लगने के बाद से यह मादा हाथी बांझिआमा गांव के पास जंगल में घूम रही थी, मगर आज अचानक उसने दम तोड़ दिया। हाथी के दाहिने पैर में गोली लगी थी। गोली लगने के बाद से ही यह मादा हाथी जिंदगी एवं मौत से संग्राम कर रही थी और आज उसने दम तोड़ दिया।
गौरतलब है कि इस संबन्ध में वन विभाग के कर्मचारी बांझिआमा गांव के कुछ लोगों से सूचना पाकर मौके पर पहुंचे थे। इन कर्मचारियों से खबर पाकर नंदनकानन अभयारण्य से कर्मचारी जंगल में जाकर हाथी का इलाज कर रहे थे।