ओडिशा में पुलिस एवं माओवादियों की बीच मुठभेड़: 4 नक्सली ढेर, भारी मात्रा में हथियार बरामद
ओडिशा के कंधमाल जंगल में पुलिस व माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में चार नक्सली ढेर हो गए कुछ माओवादियों के घायल होने की भी खबर है।
भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। ओडिशा के कंधमाल जंगल में पुलिस एवं माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। कंधमाल जिला पुलिस के स्पेशल आप्रेशन ग्रुप (एसओजी) के सदस्य तथा डिस्ट्रिक्ट वैल्यूंटरी फोर्स (डीवीएफ) के जवानों द्वारा चलाए गए संयुक्त आपरेशन में 4 नक्सली ढेर हो गए हैं। पुलिस डीजी अभय ने ट्वीट कर यह जानकारी दी है। उन्होंने लिखा है कि कंधमाल जिले के तुमलीबंध थाना क्षेत्र में एसओजी एवं डीवीएफ के जवान आत्मरक्षा में माओवादियों पर गोली चलायी है, जिसमें 4 माओवादी ढेर हो गए हैं। कुछ माओवादियों के घायल होने के भी समाचार हैं।
कंधमाल एसपी प्रतीक सिंह ने कहा है कि शनिवार रात को कंधमाल जिला बालीगुड़ा उपखंड अन्तर्गत तुमुड़ीबंध ब्लाक सिर्ला पंचायत अन्तर्गत आने वाले बंग पहाड़ के ऊपर जंगल में एसओजी एवं डीवीएफ की संयुक्त टीम सर्च आपरेशन चला रही थी। इसी सर्च आपरेशन के दौरान माओवादियों ने हमारी टीम पर फायरिंग शुरु कर दी और इसके बाद आपरेशन कर रही संयुक्त टीम ने जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ से गोलीबारी हुई। माओवादी पुलिस टीम का अधिक समय तक सामना नहीं कर पाए और अंधकार का फायदा उठाकर घने जंगल में फरार हो गए। रविवार सुबह से ही एसओजी की टीम ने इलाके में पुन: सर्च आपरेशन शुरु किया। सर्च आपरेशन के दौरान जंगल में माओवादी कैंप के साथ 4 माओवादियों का शव मिले। इसके साथ ही भारी मात्रा में हथियार बरामद किये गये।
यहां उल्लेखनीय है कि आगामी 26 जुलाई से जिले में काम करने वाले माओवादी संगठन केकेवीएन शहीद सप्ताह मनाने जा रहे हैं। इस अवसर पर जिले में बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना संगठन की तरफ से बनायी गई है। 4 दिन पहले फिरिंगिया जंगल से कांबिंग आपरेशन के समय एक माओवादी कैंप मिला था तथा यहां से भी भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जब्त की गई थी। हालांकि शिविर में रहने वाले माओवादी कैडर फरार हो गए थे।