अब दूसरे चरण के चुनाव पर सबकी निगाहें
ओडिशा में लोकसभा के साथ विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान संपन्न हो गया है।
जासं, भुवनेश्वर : ओडिशा में लोकसभा के साथ विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान संपन्न हो गया है। अब सबकी निगाहें दूसरे चरण के चुनाव पर हैं। राजनीतिक दलों ने भी अगले चरण की तैयारी शुरू कर दी है। दूसरे चरण में 18 अप्रैल को राज्य में 5 लोकसभा एवं इसके अंतर्गत आने वाले 35 विधानसभा क्षेत्रों के लिए मतदान होना है। ऐसे में दूसरे चरण के चुनाव के लिए सभी दलों एवं उम्मीदवारों ने प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। दूसरे चरण में जिन पांच लोकसभा सीट के लिए चुनाव होना है उसमें बरगढ़, सुंदरगढ़, बलांगीर, कंधमाल एवं आसिका सहित इसके अंतर्गत आने वाली 35 विधानसभा सीट शामिल हैं।
आसिका लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी से अनिता प्रियदर्शिनी, बीजू जनता दल से प्रमिला बिशोई एवं सीपीआइ-कांग्रेस गठबंधन से रामकृष्ण पंडा चुनाव मैदान में हैं। इसी तरह बरगढ़ लोस सीट से भारतीय जनता पार्टी से सुरेश पुजारी, बीजू जनता दल से प्रसन्न कुमार आचार्य एवं कांग्रेस से प्रदीप कुमार देवता, सुंदरगढ़ संसदीय क्षेत्र से भाजपा के जुएल ओराम, बीजद की सुनीता विश्वाल और कांग्रेस के जार्ज तिर्की चुनाव मैदान में हैं। बलांगीर लोकसभा सीट पर भाजपा ने संगीता कुमारी सिंहदेव, बीजद ने कलिकेश सिंहदेव एवं कांग्रेस ने समरेंद्र मिश्र को मैदान में उतारा है। जबकि कंधमाल लोकसभा सीट पर भाजपा के महामेघवाहन ऐर खारवेल स्वांई, बीजू जनता दल के डॉ. अच्यूत सामन्त तथा कांग्रेस के मनोज कुमार आचार्य के बीच मुकाबला है।