आपदा में नहीं नजर आते दिल्ली वाले नेता : नवीन पटनायक
प्रदेश में पहले चरण के चुनाव में गुरुवार को 4 लोकसभा एवं 28 विधानसभा सीट के लिए मतदान चल रहा था।
जासं, भुवनेश्वर : प्रदेश में पहले चरण के चुनाव में गुरुवार को 4 लोकसभा एवं 28 विधानसभा सीट के लिए मतदान चल रहा था। इसी दौरान कंधमाल जिले के दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री सह बीजू जनता दल (बीजद) प्रमुख नवीन पटनायक ने भाजपा और कांग्रेस पर सीधा हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार केंद्र की सरकार में बीजू जनता दल की अहम भूमिका होगी।
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य के लोग जब असुविधा में पड़ते हैं तब केंद्र का कोई नेता यहां दिखाई नहीं देता है। खासकर जब यहां चक्रवाती तूफान जैसी आपदा आती है तो दिल्ली में बैठे नेता नजर नहीं आते हैं। अब जब चुनाव आ गया है तो दिल्ली में बैठे नेताओं को ओडिशा के लोग याद आ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने 4 करोड़ ओडिशावासियों को अपना परिवार बताया। कहा कि मेरे रहते राज्य के लोगों को किसी तरह की असुविधा नहीं होने पाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कालिया योजना को बंद करने के लिए भाजपा साजिश रच रही है। इस योजना से 40 लाख लोगों को लाभ मिला है। जब तक मैं जिदा हूं कोई कालिया योजना को बंद नहीं कर सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार बार बार ओडिशा के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। राज्य के 4 करोड़ लोग हमारे साथ हैं लोगों का आशीर्वाद बीजू जनता दल के साथ है। मुख्यमंत्री ने इस बार भी बीजद के उम्मीदवारों को जिताने के लिए लोगों से अनुरोध किया। कंधमाल लोकसभा सीट से बीजद के उम्मीदवार अच्यूत सामंत ने कहा कि कंधमाल ही नहीं पूरे राज्य में लोग बीजू जनता दल एवं नवीन पटनायक को पसंद करते हैं और भारी मतों से पार्टी के उम्मीदवारों को चुनाव में जीत दिलाएंगे।