Odisha: बीजू स्वास्थ्य कल्याण स्मार्ट हेल्थ कार्ड योजना में शामिल हुआ ढेंकानाल एवं अनुगुल जिला
Biju Swasthya Kalyan Smart Health Card scheme प्रदेश के आधे जिले में शुरू हो चुकी है स्मार्ट कार्ड योजना ढेंकानाल 10 लाख एवं अनुगुल के 10 लाख लोगों को इसका लाभ मिलेगा। बीजू स्वास्थ्य कल्याण स्मार्ट हेल्थ कार्ड स्वस्थ ओडिशा सुखी ओडिशा की दिशा के लिए एक बड़ा कदम है।
भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। ओडिशा के दो और जिले ढेंकानाल एवं अनुगुल जिले के बीजू स्वास्थ्य कल्याण स्मार्ट हेल्थ कार्ड योजना में शामिल होने के साथ ही ओडिशा के आधे जिले यानी 15 जिले इस योजना में शामिल हो गए हैं। इन दोनों जिलों में आज स्मार्ट कार्ड योजना का शुभारंभ करने के साथ ही मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने ढेंकनाल जिले में 880 करोड़ तथा अनुगुल जिले में 1176 करोड़ रुपये के विभिन्न प्रोजेक्ट का भी शुभारंभ किया है।
मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने इस अवसर पर कहा कि बीजू स्वास्थ्य कल्याण स्मार्ट हेल्थ कार्ड योजना, स्वस्थ ओड़िशा, सुखी ओडिशा की दिशा के लिए एक बड़ा कदम है। इस योजना से ढेंकानाल जिले के 10 लाख एवं अनुगुल जिले के 10 लाख लोगों को लाभ मिलेगा। सभी को सम्मान के साथ जीने का अधिकार है और स्वास्थ्य कार्ड ने इस अधिकार को सुनिश्चित किया है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानी तथा पूर्व मुख्यमंत्री नवकृष्ण चौधुरी तथा मालती चौधरी के संकल्प एवं त्याग को याद किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके द्वारा बाजीगरत छात्रावास के लिए अनुगुल जिला प्रसिद्ध है। मुख्यंत्री ने इस अवसर पर तालचेर प्रजामंडल आंदोलन के संग्रामियों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की। जिले में मिलेट मिशन के प्रति किसानों के बढ़ते आग्रह के लिए खुशी जाहिर किया और कहा कि जिले में 3000 किसानों को इसमें शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री ने ढेंकानाल में शहीद बाजीराउत एवं सारंगधर दास को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि यहां के लोगों ने सदैव अन्याय के खिलाफ संग्राम किया है। ढेंकानाल का प्रजामंडल आन्दोलन ओडिशा इतिहास का एक गौरवमय इतिहास है। यहां कें संग्रामियों को मैं नमन करता हूं। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर हिताधिकारियों के बीच स्वास्थ्य कार्ड आवंटित करने के साथ ही स्वास्थ्य जागरूकता रथ का शुभारंभ किया।