राजधानी समेत पूरे राज्य में धूमधाम से मना दीपोत्सव
राजधानी भुवनेश्वर समेत पूरे राज्य में दीपोत्सव धूमधाम के साथ मनाया गया।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर : राजधानी भुवनेश्वर समेत पूरे राज्य में दीपोत्सव धूमधाम के साथ मनाया गया। हालांकि इस दौरान पटाखा फोड़ते समय राज्य के विभिन्न जगहों पर 13 लोगों के झुलस जाने की भी खबर है। राजधानी भुवनेश्वर में विभिन्न जगहों में तीन लोग झुलस गए हैं, इन्हें कैपिटल अस्पताल में भर्ती किया गया है। इसी तरह, राउरकेला के बंधमुंडा कॉलोनी में भी पटाखा की चिंगारी कॉलोनी में मौजूद दो गैरकानूनी डीजल दुकान एवं पेट्रोल दुकान में लग जाने से दुकान जलकर खाक हो गई है। इसके अलावा पारादीप की भंज कॉलोनी में भी पटाखे से आग लग गई। मयूरभंज जिला के उदला में पटाखे फोड़ते समय असावधानी बरतने के चलते 5 लोग झुलस गए हैं। वहीं राजबरहमपुर जामुना गांव में भी पटाखा विस्फोट से 3 लोगों के घायल होने का समाचार है। इसी इलाके में अलापाल गांव में एक नाबालिग के हाथ में पटाखा फट जाने से वह बुरी तरह से घायल हो गई है। उदला इलाके में अन्य एक व्यक्ति भी पटाखा फोड़ते समय झुलस गया। उसे उदला अस्पताल में भर्ती किया गया है। केंदुझर जिला के आनंदपुर में पटाखा फोड़ते समय 2 युवक घायल हो गए जबकि एक 4 साल के बच्चे की आंख में पटाखा लग जाने से उसकी हालत गंभीर हो गई है। इसके अलावा बालेश्वर जिला के सदर थाना क्षेत्र के रसालपुर गांव में पटाखा हाथ में फट जाने से एक युवक झुलस गया उसे गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती किया गया है।