ओडिशा पुलिस ने मुख्यमंत्री राहत कोष में दिए 1.61 करोड़
ओडिशा पुलिस ने मुख्यमंत्री राहत कोष में चक्रवात फणि से प्रभावित लोगों के लिए 1.61 करोड़ रुपये दान स्वरूप प्रदान किये।
भुवनेश्वर, जेएनएन। चक्रवात फणि से प्रभावित लोगों के लिए ओडिशा पुलिस ने मुख्यमंत्री राहत कोष में गुरुवार को 1.61 करोड़ रुपये दान स्वरूप प्रदान किया। राज्य पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) डॉ. राजेंद्र प्रसाद शर्मा ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राज्य सचिवालय में पहुंचकर मुख्य सचिव आदित्य प्रसाद पाढ़ी को सहायता राशि का चेक सौंपा।
इस अवसर पर एडीजीपी मनोज छाबड़ा, संजीव पांडा, आइजी सौमेंद्र प्रियदर्शी, आइजी अमिताभ ठाकुर, आइजी यतींद्र कोयल प्रमुख उपस्थित थे। फणि प्रभावितों के लिए प्रदत्त इस सहायता राशि में पुलिस प्रतिष्ठानों और इकाइयों में बालेश्वर, बरगढ़, बरहमपुर, भद्रक, देवगढ़, गजपति जिला के साथ ओडिशा राज्य के सशस्त्र पुलिस और राज्य पुलिस के अन्य शाखाओं सहित अधिकांश जिलों के जिला पुलिस संगठनों का सहयोग है। इससे पहले ओडिशा के आइपीएस अधिकारियों ने राज्य के चक्रवात प्रभावित लोगों के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में 10 लाख रुपये का योगदान दिया था। ओडिशा पुलिस ने पुरी के विभिन्न क्षेत्रों में 20 करुणा शिविरों के जरिए फणि प्रभावित एक लाख से अधिक लोगों को भोजन प्रदान किया है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप