ओडिशा के सीएम पटनायक ने पुरी में फणि तूफान से हुए नुकसान व राहत कार्यों का जायजा
CM Naveen Patnaik. फणि तूफान के कारण पुरी में बिजली सेवा पूरी तरह से ठप है। बिजली सेवा बहाल करने के लिए पुरी में 10 हजार कर्मचारी दिन रात काम कर रहे हैं।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने बुधवार को पुरी स्थित सर्किट हाउस में फणि तूफान से हुए नुकसान एवं राहत कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से राहत कार्य में तेजी लाने तथा तत्काल बिजली सेवा बहाल करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने एक सप्ताह के अंदर जिले में हुए नुकसान का आकलन कर लोगों के पास सहायता राशि पहुंचाने को प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने लोगों को भरोसा दिया कि ऐतिहासिक पुरी शहर की रौनक बहुत जल्द स्थापित हो जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि लोगों का सहयोग मिलने से सभी कार्य जल्द से जल्द पूरे कर लिए जाएंगे। उन्होंने कहा है कि पुरी में जिन परिवार के पास राशन कार्ड नहीं है उन्हें भी 50 किलो चावल दिया जाएगा। इसी तरह बिजली न आने तक हर परिवार को 2.5 लीटर केरोसिन प्रतिदिन दिया जाएगा।
फणि तूफान के कारण पुरी में बिजली सेवा पूरी तरह से ठप है। हजारों पेड़ उखड़ गए हैं। बिजली सेवा बहाल करने के लिए पुरी में 10 हजार कर्मचारी दिन रात काम कर रहे हैं। पुरी की स्वभाविक स्थिति लौटाने के लिए युद्ध स्तर पर काम चल रहा है। पहले चरण में पुरी को एक फीडर से बिजली उपलब्ध कराई गई है, वहीं नीमापड़ा एवं कोणार्क एनएसी में गुरुवार से बिजली सेवा बहाल कर दी गई है।
अंतरराष्ट्रीय आपदा प्रबंधन संचालन केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव
राजधानी भुवनेश्वर में अंतरराष्ट्रीय आपदा प्रबंधन संचालन केंद्र स्थापित करने के लिए मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने संयुक्त राष्ट्र संघ, विश्व बैंक एवं एशिया विकास बैंक (एडीबी) के अधिकारियों को प्रस्ताव दिया है। मुख्यमंत्री ने यह केंद्र स्थापित करने के लिए राज्य सरकार की ओर से हर प्रकार की सुविधा देने की बात भी कही है। बुधवार को संयुक्त राष्ट्र संघ, विश्व बैंक एवं एडीबी के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से मुलाकात की। यह मुलाकात वित्त मंत्रालय के एक अधिकारी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री के साथ हुई। इस दौरान विभिन्न विषयों पर हुई विस्तार से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने उक्त प्रस्ताव दिया।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप