Weather Forecast: इस राज्य में 11 व 12 अक्टूबर को भारी से भारी बारिश की सम्भावना, चलेंगी तेज हवाएं
Weather Forecast मौसम विभाग ने ओडिशा के कई जिलों में 11 व 12 अक्टूबर को भारी से भारी बारिश होने की संभावना व्यक्त की है। तटीय इलाकों में भी 45 से 50 किमी. की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। अंडमान निकोबार एवं पूर्व केन्द्रीय बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात 9 अक्टूबर को कम दबाव में तब्दील हो जाएगा। इसके 24 घंटे बाद बारिश होने की सम्भावना है। इसके बाद 11 अक्टूबर शाम के समय उत्तर आन्ध्र प्रदेश एवं दक्षिण ओडिशा के तट से होते हुए स्थल भाग को पार करने का अनुमान मौसम विभाग ने लगाया है।
इसके प्रभाव से 11 एवं 12 अक्टूबर को मालकानगिरी, कोरापुट, गजपति, रायगड़ा एवं गंजाम जिले में भारी से भारी बारिश होने की सम्भावना है। उसी तरह से पुरी, कंधमाल, खुर्दा, जगतसिंहपुर, कालाहांडी एवं नवरंगपुर जिले में भी भारी बारिश हो सकती है। ऐसे में मौसम विभाग की तरफ से इन जिलों के लिए पीली चेतावनी जारी की गई है। तटीय इलाकों में 45 से 50 किमी. की रफ्तार से हवा चलने की सम्भावना है। ऐसे में समुद्र में जाने वाले मछुआरों को 10 अक्टूबर तक वापस आ जाने की मौसम विभाग ने सलाह दी है। 11 अक्टूबर को मछुआरों को समुद्र में ना जाने की मौसम विभाग ने हिदायत दी है। हालांकि अगले दो दिन तक राज्य में बारिश होने की सम्भावना कम है।