Odisha: बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लेने पहुंची केन्द्रीय टीम, राज्य सरकार ने की 1100 करोड़ की मांग
बाढ़ से निपटने में ओडिशा सरकार के प्रयास को केन्द्रीय टीम ने सराहा ओडिशा सरकार ने की 1100 करोड़ रुपये सहायता राशि देने की मांग।
भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लेने पहुंची केन्द्रीय टीम से ओडिशा सरकार ने 1100 करोड़ रुपये सहायता राशि प्रदान करने के लिए मांग की है। राज्य के दो दिन के दौरे पर आयी केन्द्रीय टीम ने बाढ़ से प्रभावित तीन जिलों का दौरा किया है। इसके बाद इस टीम ने गुरूवार को राज्य सचिवालय में मुख्य सचिव, विशेष राहत आयुक्त एवं अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में बाढ़ से हुए नुकसान एवं इसके बाद किए गए पुनरुद्धार कार्य के बारे में एक रिपोर्ट ओडिशा सरकार की तरफ से केन्द्रीय टीम को दी गई। राज्य सरकार की तरफ से बाढ़ के बाद उठाए गए कदम की केन्द्रीय टीम ने सराहना किया है। इसके साथ ही एसडीआरएफ नियम के तहत सहायता राशि मुहैया कराने का भी केन्द्रीय टीम ने आश्वासन किया है।
नदी बांध निर्माण एवं मरम्मत, मकानों को हुए नुकसान आदि को ठीक करने के लिए सहायता राशि जल्द प्रदान करने के लिए केन्द्रीय टीम से ओडिशा सरकार ने मांग की है। गौरतलब है कि बाढ़ से करीबन 2.25 लाख हेक्टयर खेत में 33 प्रतिशत फसल बर्बाद हो गई है। इसके साथ 1.20 लाख आवास टूट गए हैं। जगह जगह सड़कें खराब हो गई हैं। इस सहायता राशि के साथ आपदा प्रतिरोध के लिए स्थाई कदम उठाने के लिए जरूरी राशि मुहैया कराने के लिए एक स्मारक पत्र केन्द्र सरकार को दिए जाने की बात विशेष राहत आयुक्त प्रदीप कुमार जेना ने कही है।