बाढ़ की स्थिति का आकलन करने पहुंची केंद्रीय टीम
ओडिशा में हाल के दिनों में आई बाढ़ एवं उससे हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए केंद्रीय टीम भुवनेश्वर पहुंच गई है।
संसू, भुवनेश्वर : ओडिशा में हाल के दिनों में आई बाढ़ एवं उससे हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए केंद्रीय टीम भुवनेश्वर पहुंच गई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव प्रकाश वशिष्ठ के नेतृत्व में आई सात सदस्यीय टीम विभिन्न बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करेगी।
गौरतलब है कि पिछले दिनों लगातार हुई बारिश के कारण राज्य के जाजपुर, केंदुझर, भद्रक, मयूरभंज, बालेश्वर, जगतसिंहपुर, पुरी, केंद्रपाड़ा आदि जिलों में काफी नुकसान हुआ था। इनमें सबसे अधिक प्रभावित 4 जिले भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा और पुरी जिले में हुए नुकसान का आकलन केंद्रीय टीम करने वाली है। इस टीम में कृषि विभाग, जलसंपदा विभाग, भूतल परिवहन विभाग, राजमार्ग विभाग, ग्रामीण विकास विभाग और वित्त मंत्रालय के सदस्य शामिल हैं। इस टीम द्वारा प्रदत्त रिपोर्ट के आधार पर केंद्र सरकार बाढ़ राहत राशि प्रदान करेगी।