कृषि बिल को लेकर फैलाया जा रहा भ्रम, भाजपा जागरूक करेगी : पुरोहित
केंद्र सरकार द्वारा लाये गए कृषि कानून को लेकर लोगों में फैलाए जा रहे भ्रम को दूर करने के लिए ओडिशा भाजपा राज्य में जागरूकता अभियान चलाएगी।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर : केंद्र सरकार द्वारा लाये गए कृषि कानून को लेकर लोगों में फैलाए जा रहे भ्रम को दूर करने के लिए ओडिशा भाजपा राज्य में जागरूकता अभियान चलाएगी। इस संदर्भ में राज्य भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष प्रदीप पुरोहित, प्रवक्ता जतिन महांती ने कहा कि किसान आंदोलन के नाम पर लोगों को भ्रमित किया जा रहा है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि केंद्र का कानून किसानों के हित में है। इस कानून से छोटे एवं मझोले किसानों को काफी फायदा मिलने वाला है। किसान कानून को लेकर कांग्रेस सहित अन्य राजनीतिक दल किसानों में भ्रम फैला रहे हैं। भाजपा राज्य के भिन्न-भिन्न इलाके में जागरूकता अभियान चलाकर किसानों में फैले भ्रम को दूर करने की कोशिश करेगी। भाजपा नेताओं ने बताया कि पार्टी ने बरगढ़, कटक, ढेंकानाल, बालेश्वर, जयपुर में किसान समावेश किया है।
उधर,ं किसान बिल मुद्दे पर बीजू जनता दल की ओर से कहा गया है कि दल हमेशा से किसानों के मुद्दे के साथ खड़ा है। हमने स्वामीनाथन आयोग कि सिफारिश लागू करने के लिए केंद्र को संशोधित प्रस्ताव भेजा है। सरकार किसानों के लिए विभिन्न कल्याण कार्यक्रम चला रही है। कटक में सिखों ने किसान आंदोलन के समर्थन मे निकाली रैली : कटक जिला अंतर्गत प्रसिद्ध गुरुद्वारा दांतन साहब से रविवार को किसान आंदोलन के समर्थन में रैली निकाली गई। गुरुद्वारा दांतन साहिब के अध्यक्ष जगराज सिंह, सचिव त्रिलोचन सिंह की अगुवाई में निकली इस रैली में बड़ी संख्या में सिख समुदाय के लोगों ने शामिल होकर दिल्ली की सीमा पर आंदोलन कर रहे पंजाब के किसानों के समर्थन में नारे लगाते हुए नए कृषि कानून को वापस लेने की मांग की।
रैली में शामिल सिखों ने ठंड के मौसम में देश के किसान हित के लिए संघर्ष कर रहे किसानों द्वारा उठाई गई मांग को तुरंत मानने के लिए लोगों से समर्थन की अपील की गई। रैली शहर के विभिन्न गली-मुहल्लों का भ्रमण कर वापस गुरुद्वारा पहुंची। रैली में शिखरपुर के नागरिक, राज ट्रक एसोसिएशन के अध्यक्ष शरद प्रधान, शिखरपुर पूजा कमेटी के सदस्य आदि ने केंद्र द्वारा लाए गए कृषि कानून को तुरंत रद करने की मांग को लेकर कटक जिलाधीश के मार्फत प्रधानमंत्री को मांगपत्र सौंपा।