ओडिशा में कानून-व्यवस्था को लेकर भाजपा विधायकों का प्रदर्शन
Odisha. ओडिशा में कानून और व्यवस्था की स्थिति के खिलाफ भाजपा विधायकों ने सदन के सामने विरोध प्रदर्शन किया।
भुवनेश्वर, जासं। ओडिशा में कानून और व्यवस्था की स्थिति के खिलाफ भाजपा विधायकों ने सोमवार को सदन के सामने विरोध प्रदर्शन किया।
पुरी जिला में ट्रिपल मर्डर की गूंज सोमवार को विधानसभा में भी सुनाई दी। विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था के प्रतिवाद में भारतीय जनता पार्टी के विधायक सदन के मध्य भाग में आ गए और नारेबाजी शुरू कर दिए। भारतीय जनता पार्टी के विधायकों ने आरोप लगाया है कि पुरी जिला के पटनाइकिया में हुआ ट्रिपल मर्डर एवं केन्द्रापड़ा जिला में हुई गोलीबारी की घटना यह दर्शाती है कि राज्य में कानून व्यवस्था कैसी है। बिगड़ती कानून व्यवस्था पर भाजपा विधायकों के नारेबाजी करने से सदन में शोर-शराबा शुरू हो गया, जिससे विधानसभा अध्यक्ष सूर्य नारायण पात्र ने सदन की कार्यवाही को मुलतवी घोषित कर दिया।
गौरतलब है कि सोमवार से 2019-20 आर्थिक साल के लिए बजट अनुमोदन पर आज से सदन में चर्चा शुरू हुई है, जो कि 30 तारीख तक चलेगी। विभिन्न विभाग के अनुदान मांग पर चर्चा करने के लिए सलाहकार कमेटी में समय व दिन निर्धारित किया गया है। राजस्व एवं आबकारी विभाग के अनुदान मांग पर चर्चा होनी थी, मगर सदन की कार्यवाही शुरू होती ही रविवार को पुरी में हुए ट्रिपल मर्डर मामले को लेकर भाजपा के विधायकों ने सरकार घेरा और राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए नारेबाजी की। इससे सदन में शोर शराबा होने से विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही को मुलतवी घोषित कर दिया।