बीजद में शामिल हुए भाजपा के पूर्व विधायक मुकुंद सोदी, सीएम ने किया स्वागत
odisha. ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक ने कहा कि सोदी और उनके साथियों के साथ ही कांग्रेस के भी कार्यकर्ताओं को आने से बीजद काफी मजबूत होगी।
जेएनएन, भुवनेश्वर : चुनाव की घोषणा से पूर्व दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं का दलबदल शुरू हो गया है। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ शुक्रवार को भाजपा छोड़ बीजू जनता दल (बीजद) में शामिल हो गए। मलकानगिरी के पूर्व विधायक मुकुंद सोदी ने बीजू जनता दल की सदस्यता ली। बीजद सुप्रीमो मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने सोदी का दल में स्वागत किया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा कि सोदी और उनके साथियों के साथ ही कांग्रेस के भी कार्यकर्ताओं को आने से बीजद काफी मजबूत होगी। मलकानगिरी और बलांगीर में बीजद विरोधी दलों को परास्त करने में सक्षम होगी। इस मौके पर सोदी ने कहा कि उन्होंने भाजपा के सभी पदों से इस्तीफा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बसंत पंडा और जिलाध्यक्ष अशोक कुमार पंडा को सौंप दिया है।
उल्लेखनीय है कि सोदी ने 2014 में भाजपा की टिकट से चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था। हालांकि उन्होंने पार्टी से नाता 2017 में पंचायत चुनाव से पहले ही तोड़ लिया था पर बीजद की सदस्यता शुक्रवार को भुवनेश्वर में मुख्यमंत्री पटनायक की मौजूदगी में ली। इस मौके पर मलकानगिरी और बलांगीर जिले के भाजपा और कांग्रेस के बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने बीजद की सदस्यता ग्रहण की।