बीजद में शामिल हुई पूर्व सांसद प्यारी मोहन की पुत्री सिक्ता पति
बीजद के पूर्व सांसद दिवंगत प्यारी मोहन महापात्र के बेटी सिक्ता बीजद में शामिल सीएम नवीन पटनायक ने किया स्वागत।
भुवनेश्वर, जेएनएन। बीजू जनता दल के पूर्व सांसद दिवंगत प्यारी मोहन महापात्र की बड़ी बेटी सिक्ता पति बीजद में शामिल हो गई हैं। नवीन निवास में आयोजित एक कार्यक्रम में बीजद प्रमुख सह मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने उनका पार्टी में स्वागत किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सिक्ता के योगदान से बीजद को और मजबूती मिलेगी। सिक्ता ने कहा कि वह समाज में उपेक्षित लोगों के लिए काम करेंगी।
उल्लेखनीय है कि प्यारी मोहन महापात्र के निधन के बाद से उनकी पुत्री सिक्ता अप्रैल-2017 से अपने पिता द्वारा बनायी गई पार्टी ओडिशा जनमोर्चा में महासचिव के तौर पर अपना दायित्व निभा रही थी। हालांकि इससे पहले सिक्ता को किसी राजनीतिक गतिविधि में नहीं देखा गया था। जनवरी-2018 में ओडिशा जनमोर्चा का ओडिशा समताक्रांति दल में विलय हो गया था।
इस बीच सिक्ता राजनीति में सक्रिय तो नहीं थी मगर बस्ती वासियों के लिए वह काफी दिनों से काम कर रही हैं। अपने पिता के निधन के दो साल बाद वह बीजद में शामिल हो गई हैं। 29 मई 2012 मिड नाइट ऑपरेशन के बाद प्यारी मोहन महापात्र को बीजद सुप्रीमो नवीन पटनायक ने पार्टी से निकाल दिया था। मार्च-2017 में प्यारी मोहन महापात्र का निधन हो गया था।