बीजद ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को लिखा पत्र, कहा-धर्मेंद्र प्रधान को खुली छूट दी जा रही
BJD. बीजू जनता दल ने कहा है कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि राज्य के एक मंत्री को इलेक्शन ड्यूटी के दौरान फ्लाइंग स्कॉयड के काम में बाधा डालने के लिए गिरफ्तार किया जाता है।
नई दिल्ली, एएनआइ। ओडिशा में बीजू जनता दल (बीजद) ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी भुवनेश्वर को पत्र लिखकर कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि राज्य के एक मंत्री को इलेक्शन ड्यूटी के दौरान फ्लाइंग स्कॉयड के काम में बाधा डालने के लिए गिरफ्तार किया जाता है, जबकि केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को खुली छूट दी जाती है और उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाती।
बीजू जनता दल के वरिष्ठ विधायक तथा पूर्व मंत्री प्रदीप महारथी को पिपिल थाना पुलिस ने मजिस्ट्रेट पर हुए हमला मामले में गिरफ्तार कर लिया है। रविवार देर रात को महारथी के फार्म हाउस पर छापा मारने पहुंची टीम पर महारथी एवं उनके समर्थकों ने मिलकर मजिस्ट्रेट पर जानलेवा हमला किया था, जिसमें मजिस्ट्रेट समेत सात लोग घायल हो गए थे।
इस मामले की छानबीन करने के बाद आज उन्हें पिपिली थाना में पूछताछ के लिए बुलाया गया था, थाना से ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। यह जानकारी पुरी के आरक्षी अधीक्षक उमा शंकर दास ने दी है। महारथी पर 307, 353, 323, 341, 342, 148, 149 एवं दफा 171, 186 के तहत उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
राज्य में भाजपा की सरकार बनी तो बनाया जाएगा गुंडा कानून: धर्मेंद्र प्रधान
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने प्रदीप महारथी की गिरफ्तारी पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा है कि प्रदीप महारथी गुंडा है। उन्होंने आज सारी हदें पार करते हुए टीम पर भी हमला किया। भारतीय जनता पार्टी की सरकार राज्य में बनती है तो प्रदेश में गुंडा निरोध कानून लाया जाएगा और सभी गुंडों को जेल की सलाखों के पीछे किया जाएगा।
भुवनेश्वर में प्रचार के दौरान बीजद प्रत्याशी पर बम से हमला
पूर्व मेयर और भुवनेश्वर मध्य से बीजू जनता दल के उम्मीदवार अनंत नारायण जेना पर रविवार की देर रात लक्ष्मी सागर झारपाड़ा कैनाल रोड पर दो युवकों ने बमों से हमला किया। उस वक्त जेना प्रचार कर रहे थे। इस हमले में जेना के साथ उनका एक सहयोगी भी गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर रूप से घायल अनंत नारायण जेना और उनके सहयोगी को कैपिटल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दो युवक अचानक अनंत नारायण जेना गाड़ी के सामने आ गए। दोनों ने एक के बाद एक, कुल तीन बम फेंके , इससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। उसके बाद मौके पर उपस्थित पुलिस के जवान दोनों घायलों को लेकर कैपिटल अस्पताल ले गए। इस घटना के बाद पूरे राजधानी में हाई अलर्ट पर है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस को तैनात कर दिया गया है। पुलिस और जिला प्रशासन के आला अधिकारी स्थित पर नजर रखे हुए हैं। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
अस्पताल के बाहर डटे समर्थक
हमले की सूचना पर बड़ी संख्या में बीजद कार्यकर्ता कैपिटल अस्पताल के बाहर इकट्ठे हो गए। रात बारह बजे तक समर्थक डटे हुए थे। सभी दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। कार्यकर्ता इस घटना को भाजपा की साजिश बता रहे हैं।