विमुद्रीकरण और जीएसटी तो बहाना है, 2019 निशाना है
विमुद्रीकरण एवं जीएसटी को लेकर केंद्रीय उद्योगों के सामने बीजू जनता दल का गुरुवार को हुआ प्रदर्शन प्रतिवाद कम 2019 आम चुनाव की तैयारी के लिहाज से शक्ति प्रदर्शन ज्यादा दिखा।
शेषनाथ राय, भुवनेश्वर
विमुद्रीकरण एवं जीएसटी को लेकर केंद्रीय उद्योगों के सामने बीजू जनता दल (बीजद) का गुरुवार को हुआ प्रदर्शन प्रतिवाद कम 2019 आम चुनाव की तैयारी के लिहाज से शक्ति प्रदर्शन ज्यादा दिखा। क्योंकि पारादीप में जिस प्रकार से बीजद के नेताओं ने केंद्रीय उद्योगों को कम बल्कि दल से निष्कासित पूर्व मंत्री दामोदर राउत को निशाने पर लिया, उसका राजनीतिक विश्लेषक यही निष्कर्ष निकाल रहे हैं कि विमुद्रीकरण तो बहाना है 2019 आम चुनाव निशाना है। यदि ऐसा नहीं है तो फिर विरोध प्रदर्शन के लिए दो-दो बार रणनीतिक बैठक की जरूरत क्या थी। जानकारी के मुताबिक बीजद से बहिष्कृत नेता डॉ. दामोदर राउत के चुनाव क्षेत्र पारादीप में मौजूद केंद्रीय उद्योग के सामने प्रतिवाद की आड़ में बीजद ने शक्ति प्रदर्शन किया। डॉ. राउत को पार्टी से निकाले जाने के बाद 30 सितंबर को कुजंग में महिला सम्मेलन कर शक्ति प्रदर्शन करने वाला बीजद पारादीप में दाम बाबू के बिना संगठन शक्ति का आकलन करने का प्रयास करता दिख रहा है। राज्य में केंद्रीय संस्थानों के सामने बीजद ने दो घंटे का शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया मगर पारादीप में जिस ढंग से कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई वह पार्टी के अंदर दामोदर राउत के भय को दर्शाता है।
दरअसल, गुरुवार को बीजू जनता दल की तरफ से आइओसीएल तेल रिफाइनरी के सामने प्रतिवाद सभा की आड़ में शक्ति प्रदर्शन किया गया। हालांकि राज्य के विभिन्न जगहों पर हुए पार्टी के विरोध प्रदर्शन से पारादीप नजारा कुछ अलग देखा गया। युवा छात्र बीजद की तरफ से राज्य भर में आयोजित इस प्रदर्शन कार्यक्रम में पार्टी के युवा या छात्र नेताओं के चेहरे कम रणनीतिकार ज्यादा सक्रिय दिखे।
सूत्रों की माने तो दामोदर राउत के गढ़ में प्रदर्शन के लिए अन्य जगहों से कार्यकर्ताओं को लाना पड़ा था। इतना ही नहीं इस प्रदर्शन में दो-दो कैबिनेट मंत्री प्रफुल्ल सामल एवं प्रताप जेना (जिला पर्यवेक्षक व सह पर्यवेक्षक), बालीकुदा-एरसमा के विधायक प्रशांत मुदुली (जिला कार्यकारी अध्यक्ष), स्थानीय सांसद कुलमणि सामल के साथ अन्य कई नेताओं के पारादीप के प्रदर्शन में देखा गया। इतना ही नहीं इस बैठक को सफल बनाने के लिए मंत्री प्रफुल्ल सामल के आवास पर दो बार बैठक होने की भी सूचना है।
नई पार्टी बनाएंगे डॉ. दामोदर राउत, बैठक आज
बीजू जनता दल (बीजद) से निष्कासित वरिष्ठ नेता सह पूर्व मंत्री दामोदर राउत ने नई पार्टी बनाने का ऐलान किया है। इस पार्टी का नया नाम भी सोच लिया गया है जिसकी घोषणा 10 नवंबर को की जाएगी। दाम बाबू की नई पार्टी में पूर्व सांसद बैजयंत पंडा को भी लाने का प्रयास किया जा रहा है। खुद दामोदर राउत इसके लिए प्रयासरत हैं। समझा जाता है कि नई पार्टी का नाम बीजू विचार मंच होगा। यह संगठन पहले से ही दामोदर राउत के पास था। इसे पुनर्जीवित किया जाएगा। दामोदर राउत के अनुसार, 10 नवंबर को जरूरी बैठक की जायेगी। इसमें भविष्य की रणनीति तय की जायेगी। उन्होंने कहा उनकी पार्टी में भाजपा, बीजद और कांग्रेस के असंतुष्ट लोग शामिल होंगे।