तीन साल में राज्य में सभी का होगा पक्का घर : जेना
आगामी तीन साल के अंदर राज्य के समस्त पंचायतों में सरकार पक्का घर बनवाने जा रही है।
संसू, भुवनेश्वर : आगामी तीन साल के अंदर राज्य के समस्त पंचायतों में सरकार पक्का घर बनवाने जा रही है। राज्य के पंचायती राज मंत्री प्रताप जेना ने कहा है कि मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के निर्देशानुसार राज्य के सभी घरों को बीजू पक्का घर योजना के तहत पक्का बना दिया जाएगा। आगामी 5 मार्च को बीजू पटनायक की जयंती पर इसकी घोषणा हो सकती है। मंत्री ने कहा कि सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं। बीजू पटनायक जयंती को बडे स्तर पर मनाए जाने की तैयारी आरंभ कर दी गई है। हर पंचायत और ब्लॉक में सात दिन तक बीजू जयंती मनाये जाने का विचार है। राज्य की जनता द्वारा पांचवीं बार बीजू जनता दल को सत्ता सौंपे जाने के मद्देनजर बीजू जयंती को धूमधाम से मनाए जाने का खाका तैयार किया गया है। इस साल पांच मार्च को बीजू जनता दल राज्य में 20 साल पूरे करने जा रहा है। मंत्री जेना ने कहा कि बीजू बाबू के नए ओडिशा निर्माण के संकल्प को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। राज्य के 33 सांगठनिक जिलों में बीजू जयंती मनाने को लेकर तैयारी अंतिम चरण में चल रही है।