बालेश्वर सदर विधानसभा चुनाव: बीजू जनता दल ने किया शंखनाद
Odisha By-poll 2020 बालेश्वर सदर विधानसभा चुनाव (Baileshwar Sadar Assembly ) में बीजू जनता दल का शंखनाद हो चुका है रविंद्र जेना के नेतृत्व में हजारों की तादाद में लोगों ने बीजू जनता दल का दामन थाम लिया है।
बालेश्वर, जागरण संवाददाता। बालेश्वर सदर विधानसभा का मध्यवर्ती चुनाव का बिगुल बज चुका है। अगले महीने के 3 तारीख को यानी कि 3 नवंबर को यहां पर मतदान होना है। चुनाव जैसे जैसे नजदीक आ रहा है विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के नेता और कार्यकर्ताओं में मानो जोश भरता चला आ रहा है। पिछले चुनाव में बालेश्वर सदर निर्वाचन क्षेत्र पर भारतीय जनता पार्टी ने अपना परचम लहराया था और यहां से भारतीय जनता पार्टी के मदन मोहन दत्ता चुनाव जीते थे। मात्र 1 वर्ष बाद ही उनका देहांत हो जाने के कारण उसी दिन से यह विधानसभा सीट खाली पड़ी हुई थी। चुनाव आयुक्त ने 3 नवंबर को वोट देने की तारीख निर्धारित किया है जिसके चलते शहर के विभिन्न होटलों और गेस्ट हाउसों में अब धीरे-धीरे रूम या कमरा बुक होने लगा है।
जिले के विभिन्न जगहों से एवं राजधानी भुवनेश्वर से विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के नेता और उनके कार्यकर्ता मानो यहां डेरा जमाने लगे हैं। एक ओर जहां यह सीट भारतीय जनता पार्टी के लिए प्रतिष्ठा का सवाल है, तो वहीं दूसरी ओर बीजू जनता दल पार्टी के जिला अध्यक्ष रविंद्र कुमार जेना के नेतृत्व में चुनाव लड़कर यह सीट दोबारा अपने खाते में डालना चाह रहा है। इसी के तहत बुधवार को स्थानीय सिद्धि मंडप में एक मिश्रण पर्व का आयोजन किया गया था जिसके तहत हजारों लोगों ने बीजू जनता दल का दामन थामा। इस मिश्रण महोत्सव में रविंद्र जेना के अलावा बीजू जनता दल से जुड़े कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। बालेश्वर के भूतपूर्व विधायक तथा वरिष्ठ श्रमिक नेता अरुण दे, रंजन प्रधान, रंजन बाग समेत हजारों की तादाद में लोग रविंद्र जेना के नेतृत्व पर आस्था और विश्वास प्रकट करते हुए बीजू जनता दल में शामिल हो गए हैं।
दैनिक जागरण से बातें करते हुए बालेश्वर के पूर्व सांसद और बीजू जनता दल के जिला अध्यक्ष रविंद्र कुमार जेना ने बताया कि ओडिशा के मुख्यमंत्री तथा बीजू जनता दल सुप्रीमो नवीन पटनायक के नेतृत्व में चौतरफा विकास हुआ है तथा बालेश्वर भी इससे अछूत नहीं रहा है। चाहे औद्योगिक क्षेत्र हो या फिर कृषि के क्षेत्र में बालेश्वर को सदा सर्वदा माननीय मुख्यमंत्री ने प्रधानता दी है। उन्होंने आशा व्यक्त किया है कि आने वाले चुनाव में यहां से बीजू जनता दल के उम्मीदवार की विजय होगी।