Odisha: महिला सहकर्मी को अश्लील संदेश भेजने के आरोप में आयुष निदेशक निलंबित
Ayush Director Suspended इस अधिकारी के नाम पर भुवनेश्वर महिला थाना में यौन शोषण करने का आरोप था। पुलिस ने इस अधिकारी को गिरफ्तार भी किया था।
भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। Ayush Director Suspended: ओडिशा में महिला सहकर्मी को अश्लील संदेश भेजने व शारीरिक संबंध के लिए परेशान करना भुवनेश्वर आयुष के निदेशक को भारी पड़ गया। सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इस अधिकारी को नौकरी से निलंबित कर दिया है। इस आयुष निदेशक का नाम विभु प्रसाद षडंगी है, इसे बुधवार को सामान्य प्रशासन विभाग ने निलंबित किया है। इस अधिकारी के नाम पर भुवनेश्वर महिला थाना में यौन शोषण करने का आरोप था। पुलिस ने इस अधिकारी को गिरफ्तार भी किया था। हालांकि बाद में वह जमानत पर बाहर आ गया था। बुधवार को सामान्य प्रशासन विभाग ने अब इसे नौकरी से निलंबित कर दिया है। इधर, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि विभु प्रसाद अपने दफ्तर में काम करने वाली एक सहकर्मी को प्रेम संबंध के साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर कर रहा था। यह अधिकारी उक्त युवती को अश्लील संदेश व वीडियो भेजकर शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश कर रहा था। शारीरिक संबंध ना होने पर नौकरी से निकालने की धमकी दे रहा था। उक्त 25 वर्षीय युवती आयुष निदेशालय में काम कर रही थी। आयुष निदशालय का यह ओएएस अधिकारी उसे बार-बार परेशान करता था। युवती का कहना है कि वॉट्सएप पर इस तरह का अश्लील संदेश देखने के बाद हमने उसके नंबर को ब्लाक कर दिया था। इसके बाद वह फोन कर परेशान करता था। इसके बाद हमने उसका ऑडियो रिकार्ड किया और पुलिस को दिया। वॉट्सएप संदेश का स्कीन शॉट व विभिन्न ऑडियो रिकार्ड के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर कड़ी मशक्कत के बाद उसे गिरफ्तार किया था। इसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया था। हालांकि बाद में वह जमानत पर रिहा हो गया था। अब सरकार ने उसे नौकरी से निलंबित कर दिया है। प्रदेश में इस घटना की हर ओर चर्चा हो रही है।