मंत्री अरुण साहू के खिलाफ भुवनेश्वर से लेकर नयागढ़ तक प्रदर्शन
नयागढ़ जिला के बहुचर्चित नाबालिग परी हत्याकांड मामले में ओडिशा के कृषि मंत्री अरुण साहू को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने को लेकर विपक्ष अड़ा हुआ है।
संसू, भुवनेश्वर : नयागढ़ जिला के बहुचर्चित नाबालिग परी हत्याकांड मामले में ओडिशा के कृषि मंत्री अरुण साहू को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने को लेकर विपक्ष अड़ा हुआ है। इसी क्रम में मंगलवार को कृषि मंत्री को बर्खास्त करने की मांग करते हुए राजधानी भुवनेश्वर से लेकर नयागढ़ तक विरोध-प्रदर्शन किया गया। राजधानी भुवनेश्वर में भाजपा की छात्र इकाई अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने मंत्री अरुण साहू के सरकारी आवास का घेराव किया। हालांकि मंत्री अरुण साहू के आवास की तरफ बढ़ते अभाविप के 50 से अधिक कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रास्ते में ही हिरासत में ले लिया। इस दौरान अभाविप कार्यकर्ताओं ने मंत्री अरुण साहू पर घटना के मुख्य आरोपित बाबुली को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की। अभाविप का आरोप है कि अरुण साहू को मंत्री पद से हटाए बगैर मामले की निष्पक्ष जांच संभव नहीं हो सकती है।
उधर, इस मामले की जांच के लिए गठित एसआइटी टीम मंगलवार को नयागढ़ पहुंची तथा घटना की जांच-पड़ताल में जुट गई है। वहीं, नयागढ़ में मंत्री अरुण साहू के खिलाफ कांग्रेस ने विशाल रैली निकाली। सैकड़ों की संख्या में रैली में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाधीश कार्यालय के समक्ष विरोध-प्रदर्शन कर मंत्री के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि परी की हत्या में संलिप्त बाबुली नामक अपराधी को मंत्री साहू सुरक्षा दे रहे हैं। इसलिए मंत्री को बर्खास्त किया जाए ताकि घटना की निष्पक्ष जांच हो सके। कांग्रेस की ओर से इस संबंध में जिलाधीश को ज्ञापन भी सौंपा गया है।