Odisha: मयूरभंज में 18 वर्षीय युवती से दुष्कर्म व हत्या का आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
मयूरभंज में 18 वर्षीय युवती के साथ हुए दुष्कर्म व हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी ज्योतिराम पदूरिया को गिरफ्तार किया है।
भुवनेश्वर, एएनआइ। ओडिशा के मयूरभंज के महुलडीहा इलाके में एक 18 वर्षीय लड़की के दुष्कर्म और हत्या के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। एसपी सुदाम साहू का कहना है कि, 'इस मामले में 3 जुलाइे को एफआइआर दर्ज करवायी गयी थी और आरोपी ज्योतिराम पदूरिया 16 अगस्त को गिरफ्तार किया गया है, जांच चल रही है।'
शादी का झांसा दे किशोरी से बनाये संबंध
राउरकेला में शादी का झांसा देकर किशोरी से शारीरिक संबंध बनाने के बाद मुकर जाने के मामले में पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। कजिरकेला थाना अंतर्गत कुकुरडीह गांव निवासी 26 वर्षीय ईश्वर रोहिदास ने शादी का झांसा देकर किशोरी से शारीरिक संबंध बनाये जब लड़की ने शादी के लिए उस पर दबाव डाला तो वह मुकर गया। परिवार के लोगों को जब इसका पता चला तब उन्होंने थाने में इसकी शिकायत दर्ज करवायी। इसके बाद आरोपित फरार हो गया था। उसके घर लौटने की सूचना मिलने के बाद पुलिस वहां पहुंची और आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
साली ने जीजा पर लगाया दुष्कर्म का आरोप
सुंदरगढ़ जिले के आदर्श थाना क्षेत्र में एक युवती ने अपने रिश्ते के जीजा के खिलाफ दुष्कर्म का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज करवायी है। इस मामले में थाने में शिकायत के बाद पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। युवती का आरोप है कि रिश्ते के जीजा विजय केरकेटटा ने उसके कपड़े फाड़ दिए एवं दुष्कर्म का प्रयास किया। उसके साथ मारपीट भी की। घटना के बाद से आरोपित फरार है।