राज्य में बनेगी भाजपा की सरकार : प्रधान
ओडिशा में चौथे व आखिरी चरण का चुनाव आगामी 29 अप्रैल को होना है। इसके लिए सभी राजनीतिक दलों ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है।
जासं, बालेश्वर : ओडिशा में चौथे व आखिरी चरण का चुनाव आगामी 29 अप्रैल को होना है। इसके लिए सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेद्र प्रधान ने भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में शहर में रोड शो किया। इस मौके पर प्रधान ने कहा कि पूरे राज्य में भाजपा की आंधी अब तूफान में तब्दील हो चुकी है। लोगों के भारी समर्थन के चलते इस बार राज्य में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। प्रधान ने कहा कि राज्य में सरकार बनते ही शपथ ग्रहण समारोह में नवीन पटनायक को आमंत्रित करेंगे तथा उन्हें प्रधानमंत्री के बगल वाली कुर्सी पर बैठने का स्थान दिया जाएगा। प्रधान ने कहा कि बारीपदा, बालेश्वर में मेडिकल कॉलेज मोदी सरकार की देन है। बालेश्वर लोकसभा एवं सभी सातों विधानसभा सीटों पर भाजपा की विजय होगी। ओड़िया लोगों का विश्वास भाजपा पर बढ़ा है। इससे पूर्व प्रधान ने स्थानीय सिनेमा चौक स्थित शहीद पार्क में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं बाराबाटी में मौजूद शहीद बाघा जतीन की प्रतिमूíत पर माल्यार्पण किया। इसके बाद रोडशो के जरिए भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में लोगों से वोट करने की अपील की। रोड शो में भाजपा के लोकसभा उम्मीदवार प्रताप षाड़ंगी, पूर्व सांसद खारबेला स्वांई, सदर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा उम्मीदवार मदन मोहन दत्ता के साथ हजारों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।