बालेश्वर में बाइक सवार को मारी गोली, गंभीर
सहदेवखुंटा थाना अंतर्गत फुलाड़ी गांव में बुधवार की रात हुई गोलीबारी की घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है।
जेएनएन, बालेश्वर : सहदेवखुंटा थाना अंतर्गत फुलाड़ी गांव में बुधवार की रात हुई गोलीबारी की घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती किया गया है। घटना की सूचना पाकर पहुंची टाऊन थाना पुलिस ने घायल का बयान लेकर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी सरोजनी नायक ने बताया कि मामले की जांच पुलिस कर रही है। अपराधियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।
घटनाक्रम के अनुसार, कंटाबणिया गांव का बिरंचि दास (28) रात करीब आठ बजे मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था तभी पीछे से अपराधियों ने उस पर गोलीबारी की। गोली बिरंचि की पीठ पर लगी और वह वहीं गिर पड़ा। लहूलुहान हालत में गांव के लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया जहां उसका इलाज चल रहा है। पूर्व दुश्मनी एवं गैरकानूनी बालू खदान को लेकर यह गोलीबारी होने की आशंका जतायी गई है। उल्लेखनीय है कि बालेश्वर में प्रति दो महीने के अंतराल पर हो रही गोलीबारी घटना से लोगों में भय का माहौल है।