पहलवानों ने जीते चार कांस्य पदक
जिले के चार पहलवानों ने झज्जर में संपन्न हुई राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता ें चार कांस्य पदक जीते हैं।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद : जिले के चार पहलवानों ने झज्जर में संपन्न हुई राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में पदक जीतकर आजादी के अमृत महोत्सव का उत्साह दोगुना कर दिया है। पवन ने 48 किलो, नीरज ने 65 किलो, नैना ने 46 और एकता ने 58 किलो वर्ग में कांस्य पदक जीते हैं। यह सभी राज्य खेल परिसर सेक्टर-12 में अभ्यास करते हैं।
कुश्ती कोच अश्वनी शर्मा ने बताया कि पवन कुमार ने अंडर-15 वर्ग में पहली कुश्ती में एशिया चैंपियनशिप में पदक विजेता चित किया, जबकि दूसरी कुश्ती में रोहतक के पहलवान को 10-0 से हराया। तीसरी कुश्ती में भिवानी के पहलवान ने पवन को 10-0 से चित कर दिया। चौथी कुश्ती में सोनीपत के पहला और कांस्य पदक के लिए हुई कुश्ती में सिरसा के पहलवान के खिलाफ 10-0 से जीत दर्ज की। नैना ने झज्जर और जींद के खिलाफ हुई कुश्ती में जीत दर्ज की। तीसरी कुश्ती में पानीपत के पहलवान ने नैना को चित कर दिया। कांस्य पदक के लिए हुई कुश्ती में सिरसा के पहलवान को हराया। कांस्य पदक के लिए हुई कुश्ती में एकता ने हिसार की पहलवान को 5-0 से हराया। एकता के 58 किलो वर्ग में सबसे अधिक 13 पहलवान थे। जिला कुश्ती संघ के प्रधान धीरज, सचिव योगेश मेहता, धीर डागर ने पहलवानों को शुभकामनाएं दी हैं। आठ वर्षों से नहीं आए थे पदक
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2014 में अर्जुन अवार्डी नेहा राठी द्वारा कुश्ती को अलविदा कहने के बाद जिले का कोई भी पहलवान राष्ट्रीय प्रतियोगिता तो दूर राज्य स्तरीय कुश्ती में भी पदक नहीं जीत पाते थे। अब माहौल बदलने लगा है और जिले के पहलवान अब फिर से अपनी उपस्थिति दर्ज कराने लगे हैं। इसकी शुरुआत अनंगपुर गांव में रहने वाली मानसी भडाना ने खेलो इंडिया और उसके बाद किर्गिस्तान में हुई एशियन कैडेट कुश्ती चैंपियनशिप में पदक जीतकर पदकों का सूखा समाप्त किया।