लॉस एंजिलिस में होगा प्रवासी भारतीय दिवस
भारत इस साल नवंबर में क्षेत्रीय प्रवासी भारतीय दिवस लॉस एंजिलिस में आयोजित करेगा। इस घोषणा का अमेरिका ने स्वागत किया है।
वाशिंगटन। भारत इस साल नवंबर में क्षेत्रीय प्रवासी भारतीय दिवस लॉस एंजिलिस में आयोजित करेगा। इस घोषणा का अमेरिका ने स्वागत किया है।
लॉस एंजलिस में क्षेत्रीय प्रवासी भारतीय दिवस भारतीय-अमेरिकी समुदाय के साथ भारत सरकार के संपर्क बढ़ाने के प्रयास का हिस्सा है। अमेरिका में भारतीय प्रवासियों की आबादी 30 लाख से भी अधिक है। पहली भारत-अमेरिका रणनीतिक और वाणिज्यिक वार्ता के बाद एक संयुक्त बयान जारी कर इस घोषणा का स्वागत किया गया।
इसमें विभिन्न संस्थागत द्विपक्षीय वार्ता प्रक्रिया और दोनों देशों के बीच बढ़ती बातचीत की सराहना भी की गई। बयान में दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी संपर्क को और बढ़ाने के लिए नवंबर में लॉस एंजिलिस में प्रवासी भारतीय दिवस आयोजित करने की भारत की घोषणा का स्वागत किया गया है। पिछला क्षेत्रीय प्रवासी भारतीय दिवस का आयोजन 2007 में न्यूयॉर्क में किया गया था।