न्यूजीलैंड में भारतीय छात्रों को वसूली के लिए आ रहे फोन
न्यूजीलैंड में पढ़ाई कर रहे भारतीय छात्र इन दिनों एक अजीबोगरीब समस्या से जूझ रहे हैं। वीजा या अन्य दस्तावेजों में कमी बताकर वसूली के लिए उनके पास लगातार फर्जी फोन कॉल्स आ रहे हैं। न्यूजीलैंड सरकार ने अब भारतीय छात्रों को इस जाल में नहीं फंसने की सलाह दी
मेलबर्न। न्यूजीलैंड में पढ़ाई कर रहे भारतीय छात्र इन दिनों एक अजीबोगरीब समस्या से जूझ रहे हैं। वीजा या अन्य दस्तावेजों में कमी बताकर वसूली के लिए उनके पास लगातार फर्जी फोन कॉल्स आ रहे हैं। न्यूजीलैंड सरकार ने अब भारतीय छात्रों को इस जाल में नहीं फंसने की सलाह दी है।
न्यूजीलैंड में ठगी के इस तरीके को कॉलर आइडी स्पूफिंग के नाम से जाना जाता है। वसूली के लिए फोन करने वाले सरकारी विभागों के नंबर से भारतीयों को अपना निशाना बनाते हैं। वे खुद को न्यूजीलैंड के आव्रजन विभाग का अधिकारी बताते हुए वीजा प्रोसेसिंग या देश में आने से जुड़े अन्य दस्तावेजों (अराइवल कार्ड इंफॉर्मेशन) में समस्या होने की जानकारी देते हैं।
इसे दुरुस्त करने के लिए निर्धारित शुल्क वेस्टर्न यूनियन के भारत स्थित खाते में जमा कराने को कहा जाता है। भारतीय सरिता अन्नापुरेदी से तो ठगों ने इसी तरह से चार हजार डॉलर (2.54 लाख रुपये) झटक लिए। न्यूजीलैंड में भारतीय मूल के लोगों की आबादी एक लाख से ज्यादा है।
पढ़ेंः व्यापारियों और उद्योगपतियों से नक्सली कर रहे अवैध वसूली