अमेरिका में भारतवंशियों ने सीएनएन के खिलाफ प्रदर्शन
सीएनएन ने 5 मार्च को इस डॉक्यूमेंट्री का प्रसारण किया था। इसके बाद से ही अमेरिका के कई हिस्सों में भारतीय मूल के नागरिकों ने इसके खिलाफ प्रदर्शन किया है।
वाशिंगटन, प्रेट्र। अमेरिका में एक डॉक्यूमेंट्री में हिंदुत्व को गलत तरीके से पेश करने पर समाचार चैनल सीएनएन का विरोध हो रहा है। शिकागो में भारतवंशियों ने सीएनएन के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।
सीएनएन ने 5 मार्च को इस डॉक्यूमेंट्री का प्रसारण किया था। इसके बाद से ही अमेरिका के कई हिस्सों में भारतीय मूल के नागरिकों ने इसके खिलाफ प्रदर्शन किया है। हल्की बूंदाबांदी के बीच सैकड़ों की तादाद में भारतीय मूल के अमेरिकियों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शन कर रहे भारत बराई ने कहा कि पत्रकार रेजा असलान द्वारा तैयार डॉक्यूमेंट्री में पांच अघोरी बाबाओं की गतिविधियां दिखाई गई हैं। कुछ लोगों की गलत गतिविधियों को ¨हदुत्व नहीं कहा जा सकता। ये गतिविधियां किसी हिंदू शास्त्र या ग्रंथ के अनुरूप नहीं हैं।
न्यूयॉर्क, वाशिंगटन, ह्यूस्टन, अटलांटा, सैन फ्रांसिस्को और लॉस एंजिलिस में सीएनएन के खिलाफ प्रदर्शन किए गए। यूनिवर्सिटी ऑफ सैन फ्रांसिस्को के भारतीय मूल के प्रोफेसर वामसी जुलुरी ने डॉक्यूमेंट्री को दुस्साहसी, नस्ली और खतरनाक तरीके से अप्रवासियों के विरुद्ध बताया।
इस बीच, डॉक्यूमेंट्री तैयार करने वाले पत्रकार असलान ने एक फेसबुक पोस्ट में कहा कि यह डॉक्यूमेंट्री हिंदुत्व के बारे में नहीं है। यह हिंदुओं की एक रहस्यमयी शाखा माने जाने वाले और चरम अनुष्ठान करने वाले अघोरियों के बारे में है।
यह भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलिया में भारतीय पर हुए हमले की जांच शुरू, खेद भी प्रकट किया