Move to Jagran APP

भारत में 101 अरबपति, टॉप पर हैं रिलायंस मुखिया मुकेश अंबानी

एक साल पहले की तुलना में इन बिलियनेयर की दौलत में 18 फीसद की जोरदार बढ़ोतरी हुई है।

By Ravindra Pratap SingEdited By: Published: Tue, 21 Mar 2017 09:58 PM (IST)Updated: Wed, 22 Mar 2017 12:05 AM (IST)
भारत में 101 अरबपति, टॉप पर हैं रिलायंस मुखिया मुकेश अंबानी
भारत में 101 अरबपति, टॉप पर हैं रिलायंस मुखिया मुकेश अंबानी

न्यूयॉर्क, प्रेट्र। अरबपतियों की संख्या के लिहाज से भारत दुनिया में चौथे स्थान पर पहुंच गया है। भारत में ऐसे 101 दौलतमंद हैं। इनमें रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुखिया मुकेश अंबानी शीर्ष पर हैं। फो‌र्ब्स मैगजीन की ताजा सूची में यह बात कही गई है।

loksabha election banner

'दुनिया के अरबपतियों' की फो‌र्ब्स की सूची में 2,043 सबसे अमीर लोगों को जगह दी गई है। ये ऐसे धनकुबेर हैं, जिनमें से प्रत्येक की संपत्ति एक अरब डॉलर (करीब 65.3 अरब रुपये) से अधिक है। इनकी कुल संपत्ति 7,670 अरब डॉलर है। एक साल पहले की तुलना में इन बिलियनेयर की दौलत में 18 फीसद की जोरदार बढ़ोतरी हुई है। सूची में माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स लगातार चौथे साल टॉप पर हैं। पिछले 23 वर्षो के दौरान 18 साल वह दुनिया के सबसे धनी व्यक्ति रहे हैं।

डोनाल्ड ट्रंप 544वें नंबर पर

गेट्स की संपत्ति 86 अरब डॉलर है। बीते साल उनकी संपत्ति 75 अरब डॉलर थी। उनके बाद बर्कशायर हैथवे के प्रमुख वॉरेन बफे का नंबर है। उनकी संपत्ति 75.6 अरब डॉलर है। अमेजन के जेफ बेजोस की संपत्ति में 27.6 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। वह 72.8 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ तीसरे पायदान पर हैं। उन्होंने पहली बार दुनिया के शीर्ष तीन में जगह बनाई है। इससे पहले वह पांचवें नंबर पर थे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप दिग्गज अमीरों की सूची में 3.5 अरब डॉलर की दौलत के साथ 544वें स्थान पर हैं।

अमेरिका में सबसे ज्यादा दौलतमंद

मैगजीन के अनुसार, पहली बार भारत में अरबपतियों की संख्या ने 100 का आंकड़ा पार किया है। भारत में 101 अरबपति हैं। अमेरिका में सबसे अधिक 565 अरबपति हैं। एक साल पहले अमेरिका में 540 बिलियनेयर थे। चीन में इनकी संख्या 319 और जर्मनी में 114 है।

मुकेश अंबानी का 33वां नंबर

भारत के अरबपतियों में 59 वर्षीय मुकेश अंबानी सबसे ऊपर हैं। दुनिया के अरबपतियों की सूची में 23.2 अरब डॉलर (करीब 1515 अरब रुपये) की संपत्ति के साथ उन्हें 33वां स्थान मिला है। पत्रिका ने कहा कि तेल एवं गैस क्षेत्र के इस उद्योगपति ने भारत के टेलीकॉम मार्केट में कड़ी प्रतिस्पर्धा छेड़ दी है। उनकी दूरसंचार कंपनी रिलायंस जियो ने पिछले साल सितंबर में 4जी सेवाओं की शुरुआत की है। मुकेश अंबानी के छोटे भाई अनिल सूची में 745वें स्थान पर हैं। उनकी संपत्ति 2.7 अरब डॉलर आंकी गई है।

लक्ष्मी मित्तल 56वें स्थान पर

भारतीय अरबपतियों की लिस्ट में आर्सेलर मित्तल के चेयरमैन लक्ष्मी निवास मित्तल दूसरे नंबर पर हैं। 16.4 अरब डॉलर के साथ उन्हें दुनिया के अमीरों में 56वां स्थान मिला है। स्टील के मूल्य और मांग में हाल के दिनों में कुछ सुधार आने का मित्तल को फायदा मिला।

भारतीय मूल के 20 लोग

दुनिया के विभिन्न देशों में भारतीय मूल के करीब 20 लोग हैं जिन्हें इस सूची में जगह मिली है। ब्रिटेन में बसे भारतीय मूल के हिंदुजा बंधु इनमें सबसे ऊपर हैं। अरबपतियों की सूची में इनका 64वां स्थान है। इनकी संपत्ति 15.4 अरब डॉलर है। भारत में जन्मे पलोनजी मिस्त्री सूची में 77वें स्थान पर हैं। पेट्रोकेमिकल कंपनी इंडोरामा के सह-संस्थापक प्रकाश लोहिया 5.4 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ 288वें स्थान पर हैं।

इन्होंने भी बनाई जगह

नाम , कंपनी , रैंक

अजीम प्रेमजी , विप्रो , 72

गौतम अडानी , अडानी ग्रुप , 250

राहुल बजाज , बजाज गु्रप , 544

राकेश झुनझुनवाला , (निवेशक) , 939

एनआर नारायणमूर्ति , इंफोसिस , 1161

विवेक चंद बर्मन , डाबर , 1290

नंदन नीलेकणि , इंफोसिस , 1290

हबील खोराकीवाला , वॉकहार्ट , 1567

आनंद महिंद्रा , महिंद्रा ग्रुप , 1567


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.