सामुद्रिक सुरक्षा सहयोग की मजबूती के लिए भारत-अमेरिका ने की चर्चा
भारत और अमेरिका ने एशिया-प्रशांत और हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री विकास पर विचार विमर्श किया और द्विपक्षीय समुद्री सुरक्षा सहयोग को और मजबूत बनाने पर विचार किया।‘
वाशिंगटन (प्रेट्र)। रोड आइलैंड में दो दिवसीय भारत-अमेरिकी सामुद्रिक सुरक्षा सहयोग वार्ता के दौरान भारत व अमेरिका के शीर्ष अधिकारियों ने सामुद्रिक सुरक्षा सहयोग को मजबूत बनाने के तरीकों पर चर्चा की। अधिकारियों ने दोनों देशों के बीच पहले समुद्री सुरक्षा वार्ता में किए गए निर्णयों के कार्यान्वयन की भी समीक्षा की।
बुधवार को खत्म हुए इस बैठक के निष्कर्ष के अनुसार, ‘दोनों पक्षों ने एशिया-प्रशांत और हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री विकास पर विचार विमर्श किया और द्विपक्षीय समुद्री सुरक्षा सहयोग को और मजबूत बनाने पर विचार किया।‘
भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व ज्वाइंट सेक्रेटरी पंकज शर्मा कर रहे थे और अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व एशिया प्रशांत सुरक्षा मामलों के लिए डिफेंस के असिस्टेंट सेक्रेटरी डेविड हेलवे कर रहे थे। इस मामले पर अगली वार्ता भारत में होगी। गत माह यूएस पैसिफिक कमांड के कमांडर एडमिरल हैरी हैरिस ने दोनों देशों के बीच सामुद्रिक सुरक्षा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया था।