प्रेम विवाह के 55 साल बाद ऑनर किलिंग
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में सम्मान के लिए (ऑनर किलिंग) बुजुर्ग दंपति की हत्या कर दी गई। 55 साल पहले प्रेम विवाह करने वाले दंपति के चार बच्चों को भी बर्बर तरीके से मौत के घाट उतार दिया गया। दो दिन पहले की यह घटना मीडिया में बुधवार को सामने
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में सम्मान के लिए (ऑनर किलिंग) बुजुर्ग दंपति की हत्या कर दी गई। 55 साल पहले प्रेम विवाह करने वाले दंपति के चार बच्चों को भी बर्बर तरीके से मौत के घाट उतार दिया गया। दो दिन पहले की यह घटना मीडिया में बुधवार को सामने आई है।
यह सामूहिक हत्याकांड अतारा तहसील के मलकाना मोड़ क्षेत्र का है। गुलाम फातिमा और फजल रज्जाक ने करीब 55 साल पहले प्रेम विवाह किया था। उस समय फातिमा एक विधवा थी और उसका परिवार शादी के खिलाफ था। शादी के बाद दोनों झांग जिले में बस गए थे। दोनों की नौ संतानें थीं। पुलिस ने बताया कि फातिमा के पहले पति से उसका बेटा फजल कुछ दिन पहले झांग आकर उनके साथ रहने लगा। सोमवार रात उसने खाने में कोई नशे की दवा मिला दी, जिसे खाकर पूरा परिवार बेहोश हो गया। उसके बाद उसने अपने पांच अन्य साथियों के साथ मिलकर बुजुर्ग दंपति, तीन बेटियों और 11 वर्षीय बेटे की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। वहां से भागने से पहले उन लोगों ने अन्य पांचों बच्चों को भी बुरी तरह घायल कर दिया। अगली सुबह पड़ोसियों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पाकिस्तान में ऑनर की किलिंग की घटनाएं अक्सर सामने आती रहती हैं। इस साल मई में लाहौर हाईकोर्ट के सामने परिवार की मर्जी के खिलाफ शादी करने वाली 25 वर्षीय महिला के परिवार वालों ने पत्थर मारकर उसकी हत्या कर दी थी। सितंबर में लाहौर में एक प्रेम प्रसंग के मामले में एक भाई के हाथों पत्थर मारकर बहन की हत्या की घटना सामने आई थी।