जेल में कैदी को खुद की आपत्तिजनक तस्वीरें देते पकड़ी गई महिला अधिकारी
किया ने पूछताछ के दौरान अधिकारियों को बताया कि शेन के साथ उसकी पहली मुलाकात जेल की कैंटीन में हुई। शेन उसकी ओर देखकर मुस्कुराया और वह भी उसे देखकर मुस्कुरा दी।
लंदन, पीटीआइ। ब्रिटेन की एक महिला जेल अधिकारी को अपनी ही जेल में बंद एक कैदी से प्यार हो गया। जेल में जिस कैदी से उसके प्रेम संबंध कायम हुए, वह हत्या के मामले में सजा काट रहा था। हालांकि दोनों के संबंध जेल के अन्य लोगों से छुप नहीं सके। महिला अधिकारी ने जेल के अंदर बंद कैदी को अपनी आपत्तिजनक तस्वीरें भी भेजीं, जिसके चलते दोनों के संबंधों का खुलासा हो गया। अदालत ने अब महिला को दोषी मानते हुए आठ माह जेल की सजा सुनाई है।
स्थानीय मीडिया के मुताबिक, रॉयल नेवी सील की पूर्व नाविक 23 साल की किया एन्ड्रोसजैक मैनचेस्टर जेल में अधिकारी के पद पर तैनात थी। हत्या के एक मामले में दोषी पाया गया शेन बॉयड नाम का अपराधी भी इसी जेल में सजा काट रहा था। किया, शेन के लिए तस्वीरें और चॉकलेट ले जाते पकड़ी गई। पूछताछ में पता चला कि दोनों का बीते छह माह से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इस दौरान किया न केवल उसे अपनी तस्वीरें देती थी, बल्कि शेन के पास एक मोबाइल भी था जिसे उसने छुपाकर रखा था। इस मोबाइल पर किया और शेन से एक दूसरे को करीब 600 संदेश भी भेजे थे।
जेल की कैंटीन में हुई थी पहली मुलाकात
किया ने पूछताछ के दौरान अधिकारियों को बताया कि शेन के साथ उसकी पहली मुलाकात जेल की कैंटीन में हुई। शेन उसकी ओर देखकर मुस्कुराया और वह भी उसे देखकर मुस्कुरा दी। फिर दोनों को एक दूसरे से प्यार हो गया। बीते वर्ष क्रिसमस पर शेन ने अपनी बहन से कहकर किया के लिए एक कार्ड भी भिजवाया था। किया ने कोर्ट में माना कि उसका पद के मुताबिक आचरण नहीं था।
मामूली बहस पर की थी हत्या
शेन ने 2009 में एक मामूली बहस पर 16 साल के एक छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। हत्या करने के बाद शेन एक पार्टी में गया और उसने धमकी दी थी कि अगर किसी ने पुलिस में शिकायत की, तो वह उसे भी जान से मार देगा। जज ने अपने फैसले में कहा कि शेन को पहले 11 साल जेल की सजा काटनी होगी और इसके बाद ही उसे पेरोल दिए जाने पर विचार किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें: आजीवन कारावास झेल रहे कैदी बन रहे दूसरे कैदियों के लिए शिक्षक