नेपाल से गायब पाकिस्तानी सेना के पूर्व अधिकारी का सुराग नही
लेफ्टिनेंट कर्नल मोहम्मद हबीब भारतीय सीमा से सटे लुम्बिनी शहर से गुरुवार को लापता हो गए थे।
इस्लामाबाद, प्रेट्र। नेपाल से गायब हुए पाकिस्तानी सेना के पूर्व अधिकारी का अब तक सुराग नहीं मिल पाया है। पूर्व अधिकारी के परिजनों ने दुश्मन गुप्तचर एजेंसी पर उन्हें अगवा करने का आरोप लगाया है। पाकिस्तान में भारत के लिए दुश्मन शब्द का इस्तेमाल किया जाता है।
लेफ्टिनेंट कर्नल (रिटायर) मोहम्मद हबीब भारतीय सीमा से सटे लुम्बिनी शहर से गुरुवार को लापता हो गए थे। वे एक नौकरी के सिलसिले में साक्षात्कार देने यहां पहुंचे थे। उनके बेटे साद हबीब ने रविवार को रावलपिंडी के रवात पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई। इसमें कहा गया है कि नेपाल में उनके पिता जावेद अंसारी नाम के शख्स से मिले थे जो उन्हें लुम्बिनी लेकर गया। प्राथमिकी में किसी का नाम नहीं है। एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक साद ने दुश्मन गुप्तचर एजेंसी पर अपने पिता को अगवा करने का संदेह जताया है।
अक्टूबर 2014 में रिटायर होने वाले हबीब सेना की आर्टिलरी विंग से जुड़े थे। फिहाल वे पाकिस्तान की एक निजी कंपनी में काम कर रहे थे। नई नौकरी के लिए उन्होंने ऑनलाइन आवेदन कर रखा था। मार्क थॉम्पसन नाम के एक व्यक्ति ने फोन और ई-मेल के जरिए नौकरी के लिए उनसे संपर्क किया था। नेपाल में उन्हें साक्षात्कार के लिए बुलाया गया था।
हवाई टिकट भी थॉम्पसन ने ही मुहैया कराया था। सुरक्षा एजेंसियों की शुरुआती जांच से पता चला है कि थॉम्पसन ने कंप्यूटर के जरिए ब्रिटेन के नंबर से हबीब को कॉल किया था। ई-मेल और वेबसाइट का डोमेन नेम भारत में पंजीकृत कराया गया था। हबीब ने गुरुवार दोपहर आखिरी बार अपने परिवार से संपर्क किया था। उन्होंने कहा था कि वे अपनी मंजिल तक पहुंच चुके हैं। उसके बाद से उनका फोन बंद है। विदेश विभाग के प्रवक्ता मोहम्मद नफीस जकारी ने बताया कि नेपाल के अधिकारियों से मामले में रिपोर्ट मांगी गई है।
यह भी पढ़ें: भारत ने नहीं हमने अकेले समुद्री डाकुओं से कार्गो जहाज को बचाया: चीन