निजी ईमेल के इस्तेमाल पर हिलेरी ने मांगी माफी
अमेरिकी राष्ट्रपति पद की डेमोक्रेट दावेदार हिलेरी क्लिंटन ने पहली बार निजी ईमेल इस्तेमाल के लिए माफी मांगी। अमेरिकी विदेश मंत्री रहते निजी ईमेल इस्तेमाल को उन्होंने भूल बताया।
वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति पद की डेमोक्रेट दावेदार हिलेरी क्लिंटन ने पहली बार निजी ईमेल इस्तेमाल के लिए माफी मांगी। अमेरिकी विदेश मंत्री रहते निजी ईमेल इस्तेमाल को उन्होंने भूल बताया। इससे पहले उन्होंने इस मामले में माफी मांगने से मना कर दिया था।
एबीसी न्यूज को दिए साक्षात्कार में उन्होंने कहा कि उन्हें इसके लिए अफसोस है और वह पूरी जिम्मेदारी लेती हैं। हिलेरी ने साथ ही इस बात पर जोर दिया कि उन्होंने किसी कानून का उल्लंघन नहीं किया। उन्होंने जो कुछ किया उसकी अनुमति थी और कुछ भी छिपाया नहीं। उन्होंने सरकार में सभी लोगों को इस बारे में बताया था। लेकिन अब वह मानती हैं कि इसकी इजाजत होने के बावजूद उन्हें दो ईमेल एकाउंट का इस्तेमाल करना चाहिए था। एक निजी और दूसरा कार्यालय से जुड़े ईमेल के लिए। उन्हें अफसोस है कि इसको लेकर इतने सवाल उठे। वह मानती हैं कि यह सही फैसला नहीं था। हिलेरी ने कहा कि देश की जरूरत के लिए काम करने को वह राष्ट्रपति चुनाव लड़ रही हैं और उन्हें विश्वास है कि लोग इसका जवाब देंगे।
हिलेरी ने माफी तब मांगी जब ईमेल विवाद के चलते उनका राष्ट्रपति चुनाव प्रचार अभियान बिगड़ने लगा। ताजा चुनाव सर्वेक्षण में वह प्रमुख राज्यों में अपने नजदीकी डेमोक्रेट्स प्रतिद्वंद्वी से पिछड़ रही हैं और उनकी लोकप्रियता की रेटिंग गिर रही है।