मलेशियाई एयरलाइंस विमान का लैंडिंग गियर फंसा, आपातकाल लैंडिंग
कुआलालंपुर से बेंगलूर जा रहे मलेशियाई एयर लाइंस के विमान एमएच192 के लैंडिंग गियर में खराबी आने के कारण उसकी तत्काल लैंडिंग कराई गई। इस विमान में 166 लोग थे।
कुआलालंपुर। कुआलालंपुर से बेंगलूर जा रहे मलेशियाई एयर लाइंस के विमान एमएच192 के लैंडिंग गियर में खराबी आने के कारण उसकी तत्काल लैंडिंग कराई गई। इस विमान में 166 लोग थे।
एयर लाइंस ने बताया कि फ्लाइट संख्या एमएच192 ने चालक दल के सात सदस्यों व 159 यात्रियों के साथ रविवार रात कुआलालंपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी। विमान के दाहिने हिस्से वाले लैंडिंग गियर में खराबी का पता लगने के बाद उसे स्थानीय समयानुसार रात 1.56 बजे वापस कुआलालंपुर हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतारा गया।
ट्रांसपोर्ट मंत्री हिसामुद्दीन हुसैन ने बताया कि विमान में सवार सभी यात्री पूरी तरह से सुरक्षित हैं। विमान में सवार सभी यात्रियों ने पायलट का शुक्रिया अदा किया है। हुसैन ने मलेशिया एयरलाइंस [मास] को घटना के संबंध में मंत्रालय को अपनी रिपोर्ट सौंपने को भी कहा है। मलेशियाई एयरलाइंस की यह दूसरी घटना है इससे पहले विमान एमएच370 के लापता होने की घटना सामने आ चुकी है जिसका अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है।