उत्तर बिहार में 17 अगस्त तक बदला-बदला रहेगा मौसम, बारिश को लेकर पूर्वानुमान जारी
Muzaffarpur Weather मुजफ्फरपुर में सुबह से आसमान में बादल छाए है। एक दिन पहले हुई हल्की बारिश के बाद तापमान में गिरावट है। उत्तर बिहार के कुछ जिलों में बुधवार तक हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
मुजफ्फरपुर, जासं। जिले में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। सोमवार को हल्की बारिश के बाद मंगलवार सुबह आसमान में बादल छाए हुए है। हवा चल रही है। मौसम विभाग ने हल्की वर्षा का अलर्ट जारी किया है। उत्तर बिहार में 17 अगस्त तक आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाए रहेंगे। इस दौरान कई स्थानों पर हल्की वर्षा होगी। कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश का भी अनुमान है। यह कहना है डा. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के मौसम विभाग का। इस दौरान अधिकतम तापमान 31 से 33 और न्यूनतम तापमान 24 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। औसतन 10 से 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पुरवा हवा चलने की संभावना है। सापेक्ष आद्र्रता सुबह में 75 से 85 प्रतिशत और दोपहर में 50 से 60 प्रतिशत रहेगी।
बारिश से फसलों में लौटी हरियाली
भैरोगंज। पिछले कुछ दिनों से तेज धूप की वजह से जन जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया था। फसलें मुरझा रही थीं। रविवार की रात हुई बारिश के बाद से फसलों में हरियाली लौट आई है। सोमवार को मौसम का मिजाज खुशनुमा रहा। वहीं बारिश के चलते सड़कों पर जलभराव होने से राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ी। किसान अखिलेश यादव ,भागवान यादव, निरज साह , मुरारी पांडेय, मुन्ना राम आदि का कहना है बारिश के समय में भी धान सुख रहा था लेकिन रविवार की रात में शुरु बारिश से खेतों मे पानी लबालब हो गया है। जिन फसलों को सिंचाई की जरूरत थी। अब उन में पानी देने की जरूरत नहीं है।
बदलते मौसम में अब खेतो यूरिया की जरूरत
गौनाहा। कृषि विभाग की सख्ती के दावे के बाद भी यूरिया की कालाबाजारी थमने का नाम नहीं ले रही है। ग्रामीण इलाकों में किसानों से 266 रुपये के बजाय 350 से लेकर 450 रुपये लिया जा रहा है। किसान परेशान हैं। धान की सोहनी हो रही है और फसल के लिए यूरिया देना जरूरी है। किसान रामेश्वर हाजरा ने बताया कि जरूरत का नाजायज फायदा दुकानदार उठा रहे हैं। जिस वजह से किसानों को महंगी दामों में यूरिया लेना पड़ा रहा है। वैसे कई कृषि समन्वयक निर्धारित दर पर यूरिया बिकने का दवा कर रहे हैं। इसी क्रम में गौनाहा प्रखंड कृषि कार्यालय से महज पांच सौ मीटर की दूरी पर एक दुकानदार द्वारा खुलेआम 400 रुपये में यूरिया बेचे जाने की शिकायत किसानों ने अधिकारियों से की है। प्रखंड कृषि पदाधिकारी वीरेंद्र प्रताप ने बताया कि इसकी जांच की जाएगी। जांचोपरांत सत्य पाए जाने पर खाद दुकानदार पर कार्यवाई की जाएगी।