Uttarakhand Road Accident: उत्तराखंड में सर्पीली नहीं, सीधी सपाट सड़कों पर जिंदगी का दांव
Uttarakhand Road Accident उत्तराखंड में पांच साल में 6087 सड़क दुर्घटनाओं में 5250 देहरादून हरिद्वार नैनीताल व ऊधमसिंह नगर जिलों में हुईं है। यह हाल तब है जबकि इन जिलों के मैदानी क्षेत्रों में सड़कों की स्थिति अन्य जिलों से बेहतर है।
राज्य ब्यूरो, देहरादून: Uttarakhand Road Accident उत्तराखंड में बढ़ती सड़क दुर्घटनाएं चिंता बढ़ा रही हैं। सड़क सुरक्षा के लिए तमाम दावों और भारी भरकम बजट खर्च के बावजूद दुर्घटनाओं का सिलसिला थम नहीं रहा है।
इसमें भी चौंकाने वाली बात यह है कि पहाड़ की सर्पीली नहीं, बल्कि मैदानी क्षेत्रों की सीधी-सपाट सड़कें जिंदगी पर भारी पड़ रही हैं। सरकारी आंकड़े इसकी गवाही दे रहे हैं।
पांच वर्ष में हुई 6087 सड़क दुर्घटनाएं
पांच वर्षों में राज्य में 6087 सड़क दुर्घटनाएं हुई, जिनमें 5250 देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिलों की हैं। इस परिदृश्य के बीच तंत्र की कार्यशैली पर प्रश्न नहीं उठेंगे, तो और क्या होगा।
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए उठाए गए कदमों पर नजर दौड़ाएं तो सरकार व शासन की निगरानी में सड़क सुरक्षा समितियां गठित हैं। इनका दायित्व सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं की संख्या में कमी लाने को प्रभावी कदम उठाना है।
इस दिशा में साल-दर-साल कार्य भी हो रहे हैं, लेकिन दुर्घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। वर्ष 2018 से अब तक की तस्वीर देखें तो वर्ष 2020 में कोरोनाकाल में लाकडाउन के दौरान सड़कों पर वाहनों की संख्या कम थी। नतीजतन, इस वर्ष सड़क दुर्घटनाओं की संख्या अपेक्षाकृत कम रही, लेकिन बाकी वर्षों में स्थिति चिंताजनक ही बनी हुई है।
मृतकों की संख्या में भी 33 प्रतिशत की वृद्धि
इसी वर्ष जून तक हुई सड़क दुर्घटनाओं को देखें तो बीते वर्षों की तुलना में हरिद्वार, देहरादून, ऊधमसिंह नगर व नैनीताल में हादसों की संख्या कहीं अधिक है। इनमें 45 प्रतिशत वृद्धि हुई है। यही नहीं, राज्य में दुर्घटनाओं में मृतकों की संख्या में भी इस वर्ष 33 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
मृतकों व घायलों में भी सर्वाधिक लोग इन्हीं चार जिलों के हैं। यह स्थिति तब है, जबकि इन जिलों में सड़कों का हाल कुछ बेहतर होने के साथ ही वहां सड़क सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में परिवहन और यातायात पुलिस के कार्मिकों की तैनाती है।
पांच साल में सड़क दुर्घटनाएं
- जिला - वर्ष 2018, 2019, 2020, 2021, 2022 (जून तक)
- उत्तरकाशी- 24-23-17-17- 17
- टिहरी - 68-46-44-32-21
- चमोली - 42-27-19-04-04
- रुद्रप्रयाग - 15 - 19 - 10-09-04
- पौड़ी - 42-42-34-33-16
- देहरादून - 317- 328-246-365-203
- हरिद्वार - 345- 300 -229-354-185
- नैनीताल - 199 -197- 147-177-131
- यूएस नगर - 356-327-271-361-212
- अल्मोड़ा - 13 -06 - 03-21-03
- पिथौरागढ़ - 10- 10-12-12-09
- चम्पावत - 17-20-05-11-13
- बागेश्वर - 20 - 05-04-09- 03
- कुल - 1468, 1353, 1041, 1405, 821