झांकी के साथ निकाली तिरंगा यात्रा
झांकी के साथ निकली ऐतिहासिक
झांकी के साथ निकाली तिरंगा यात्रा
संवाद सहयोगी, मधुपुर: स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव पर महेंद्र मुनि सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के छात्र-छात्राओं ने शनिवार को ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा झांकी के साथ निकाली। इस तिरंगा यात्रा में लगभग 1200 बच्चों ने डेढ़ सौ मीटर तिरंगे के साथ यात्रा निकाली। विद्यालय परिसर से बैंड बाजा व परेड और झांकी के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ जो थाना मोड़, गांधी चौक, हटिया रोड ,भगत सिंह चौक, कुंडू बंगला, पंच मंदिर रोड होते हुए पुनः विद्यालय परिश्रम में विश्राम लिया। सभी बच्चों के हाथों में तिरंगा था तथा वे उत्साह पूर्वक वंदे मातरम, भारत माता की जय,वीर शहीद अमर रहे, देश की रक्षा कौन करेगा :हम करेंगे: हम करेंगे जैसे नारे लगा रहे थे। यात्रा के बीच बीच में विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा होती रही तथा कुछ सामाजिक संगठनों एवं निजी व्यक्तियों के द्वारा बच्चों को चाकलेट और बंद बोतल पानी का भी प्रबंध किया गया। यात्रा में एक भव्य झांकी भी निकाली गई जिसमें बिरसा मुंडा, नीलांबर-पीतांबर, तिलकामांझी, सिद्धू -कान्हू, कालीचरण तिवारी के प्रतिरूप में बच्चों को सजाया गया था। विद्यालय के प्रधानाचार्य मदन मोहन मिश्रा सहित विद्यालय के प्रबंध कारिणी समिति ने रैली को सफल बनाने के लिए बच्चों शिक्षकों और जनता को धन्यवाद दिया तथा उनके प्रति आभार व्यक्त किया।