556 ग्राम पंचायतों में घरौनी का वितरण
पीलीभीत,जेएनएन : स्वामित्व योजना के अंतर्गत जनपद की सभी तहसीलों में ग्रामीणों को घरौनी वितरित की गई। जिला मुख्यालय पर गन्ना विकास एवं चीनी मिल राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने 10 ग्रामीणों को घरौनी का वितरण किया। ग्रामीण आवासीय अभिलेख (घरौनी) पाकर लाभार्थियों के चेहरे खिल उठे। उधर लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से घरौनी वितरित किए जाने का प्रसारण कलक्ट्रेट सभागार में किया गया।
गांधी सभागार में शनिवार को राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार एवं डीएम पुलकित खरे ने इन्द्रदेव, नत्थूलाल, घासीराम, गौरी शंकर, नत्थूलाल शर्मा, रामपाल एवं राजकुमार को घरौनी प्रमाण पत्र वितरित किये। डीएम ने बताया कि जनपद की 556 ग्राम पंचायतों में घरौनी वितरण का किया गया है। अवशेष ग्रामों के लाभार्थियों को अक्टूबर तक वितरित करा लिए जाएंगे। राज्यमंत्री ने कहा कि स्वामित्व योजना प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री की दूरदर्शिता, संवेदनशीलता और हर एक गरीब के लिए उनके मन में जो भाव है उस भाव को मंजूरी प्रदान करने के उद्देश्य से यह योजना प्रारंभ की गयी है। इस योजना के माध्यम से किसी व्यक्ति को घर के संबंध में विवादों का सामना नही करना पड़ेगा। उन्होंने लोगों को बताया कि जिस प्रकार से खेतों का वैधानिक अभिलेख खतौनी है, उसी प्रकार घर का वैधानिक अभिलेख घरौनी होगा। इस प्रकार अब घर के स्वामित्व को लेकर विवाद नहीं होंगे तथा लोग पूरे हक के साथ कह सकेंगे कि यह हमारा घर है। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त राम सिंह गौतम, नगर मजिस्ट्रेट डा. राजेश कुमार भी उपस्थित रहे।
कलीनगर: तहसील सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गुरभाग सिंह ने हरीपुर फुल्हर गांव के लोगों को उपजिलाधिकारी संदीप यादव की उपस्थिति में घरौनी (प्रमाण पत्र) वितरित किए।