Chitrakoot Accident : ट्रक ने तकनीकी सहायक को कुचला, प्रयागराज ले जाते समय रास्ते में मौत
चित्रकूट के राजापुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने तकनीकी सहायक को कुचल दिया। प्रयागराज ले जाते समय रास्ते में ही तकनीकी सहायक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया है।
चित्रकूट, जागरण संवाददाता। राजापुर क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने तकनीकी सहायक को कुचल दिया। उनको गंभीर हालत में स्वजन प्रयागराज देर रात लेकर जा रहे थे। रास्ते में मौत हो गई। वह पहाड़ी ब्लाक में तैनात थे।
राजापुर थाना के आजाद नगर मजरा खटवारा निवासी 40 वर्षीय मनोज विश्वकर्मा की विकास खंड पहाड़ी में मनरेगा तकनीकी सहायक के पद पर तैनात थे। वह अपने परिवार के साथ जिला मुख्यालय कर्वी में रहते थे। जबकि उनके माता-पिता राजापुर कस्बे के शिक्षक पुरम कालोनी में निवास बनाए हैं। मनोज बुधवार की शाम को राजापुर अपने माता पिता से मिलने गए थे। उनके पास कुछ देर रुकने के बाद अपने गांव आजाद नगर चले गए थे। गांव स्थित निजी नलकूप में ही रात में खाना खाया और करीब साढ़े नौ बजे कर्वी लौट रहे थे।
बताते हैं कि राजापुर-कर्वी राष्ट्रीय राजमार्ग 35-ए में आजाद नगर मोड़ के पास पहुंचे तो लघु शंका के लिए बाइक रोकी। उसी समय गुजर रहे तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनको बुरी तरह कुचल दिया। चालक ट्रक समेत मौके से भाग निकला। पुलिस ने परिजन की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजापुर में भर्ती कराया लेकिन हालत गंभीर होने पर प्रयागराज रेफर कर दिया गया है। तकनीकी सहायक को गंभीर हालत में परिजन प्रयागराज लेकर जा रहे थे, रास्ते में मौत हो गई। परिवार में कोहराम मच गया। वह दो भाइयों में बड़ा था।
राजापुर थाना प्रभारी दीपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि हादसे के बाद पुलिस टीम को पहाड़ी तक भेजा गया था लेकिन ट्रक नहीं मिला है। उसको ट्रेस करने के लिए सीसीटीवी फुटेज देखी जा रही है।