10 तक पूर्ण हो जाएगा रानीपोखरी पुल निर्माण का कार्य
देहरादून - ऋषिकेश राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित रानीपोखरी पुल का कार्य 10 जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा। जिसके पश्चात तकनीकी परीक्षण के बाद आम जनता के लिए यह पुल खोल दिया जाएगा।
संवाद सहयोगी, डोईवाला : देहरादून - ऋषिकेश राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित रानीपोखरी पुल का कार्य 10 जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा। जिसके पश्चात तकनीकी परीक्षण के बाद आम जनता के लिए यह पुल खोल दिया जाएगा।
विदित हो कि 28 अगस्त 2021 को भारी वर्षा के चलते जाखन नदी पर आए तेज बहाव के कारण रानीपोखरी का यह पुल बह गया था। जिससे ऋषिकेश व गढ़वाल क्षेत्र से राजधानी का संपर्क कट गया था। वहां जाने वाले नागरिकों को नेपाली फार्म वाया श्यामपुर से होकर जाना पड़ रहा था। जिससे उक्त मार्ग पर अत्यधिक वाहनों का दबाव बढ़ जाने के कारण जाम की स्थिति पैदा हो गई थी। वहीं यात्रियों को आवागमन में अधिक समय के साथ ही अधिक धन भी व्यय करना पड़ रहा था। वहीं आमजन को तत्काल राहत पहुंचाने के लिए वैकल्पिक मार्ग भी बनाया गया था। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग डोईवाला डिवीजन की ओर से टेंडर प्रक्रिया के बाद हिमालयन कंस्ट्रक्शन कंपनी को पुल निर्माण का कार्य सौंपा गया। सात जनवरी 2022 को रानीपोखरी पुल निर्माण का कार्य प्रारंभ हुआ। जनता की परेशानी को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुल निर्माण में लगी कार्यदायी संस्था को तेजी से कार्य करते हुए छह माह के अंदर पुल का निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए थे। अब आगामी बरसात से पूर्व इस पुल के तैयार हो जाने से आम जनता को राहत मिल पाएगी। राष्ट्रीय राजमार्ग डोईवाला डिवीजन के अपर सहायक अभियंता विकास परमार ने बताया की रानीपोखरी के नवनिर्मित पुल की लंबाई 280 मीटर के साथ ही 200 मीटर एप्रोच रोड को जोड़ते हुए कुल 480 मीटर की होगी और चौड़ाई 10.25 मीटर की होगी। जिसमें डेढ़ मीटर का फुटपाथ भी शामिल हैं। यह पुल दो लेन का बनाया गया है। उन्होंने बताया कि 26.5 करोड़ रुपये में पुल का निर्माण किया गया है। उन्होंने बताया कि दस जुलाई तक पुल के सभी अधूरे कार्य पूर्ण कर लिए जाएंगे। जिसके पश्चात कुछ दिन पुल की लोड टेस्टिग की जाएगी। जिसके पश्चात अगस्त में आम जनता के लिए पुल को खोल दिया जाएगा।