Delhi NCR Rain Update: दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम, बारिश से सड़कों पर भरा पानी; वाहन चालकों को हो रही परेशानी
Delhi NCR Rain Update दिल्ली-एनसीआर में बारिश की शुरुआत होते ही सड़कें लबालब हो गई हैं। इस कारण नौकरीपेशा लोगों को आफिस जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा और जलभराव होने से कई सड़कों पर जाम की भी स्थिति रही।
गाजियाबाद [आयुष गंगवार]। दिल्ली-एनसीआर में मानसून ने दस्तक दे दी है। बृहस्पतिवार सुबह सात बजे से दिल्ली से सटे गाजियाबाद जिले में झमाझम बारिश हो रही है। बारिश होने से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली और सुबह ही मौसम सुहावना हो गया। वर्षा ने शहर में नालों की सफाई की पोल भी खोल दी है।
बीते कई दिन से सूर्य भगवान का प्रकोप लोग झेल रहे थे। पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। चढ़े पारे के साथ उमस से लोग बेहाल हो रहे थे। गर्मी के इस सितम से बृहस्पतिवार को इंद्र देव ने निजात दिलाई। तड़के ही काले बादल घिरने लगे थे और सूर्योदय होने से पहले ही वर्षा शुरू हो गई। वर्षा लगातार हो रही है। कभी तेज तो कभी धीमी बूंदों से तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
पारे में गिरावट के साथ लगातार हो रही वर्षा ने लोगों को उमस से भी राहत दिलाई है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि वर्षा के कारण तापमान के दिन कम रहने की उम्मीद है और आने वाले दो-तीन दिन में वर्षा की संभावना जताई जा रही है। दो हफ्ते से झुलसाने वाली गर्मी से जूझ रहे शहर वासियों को बड़ी राहत मिलेगी।
हर साल झूठे दावे
वर्षा हो और जलभराव ना हो ऐसा गाजियाबाद में संभव ही नहीं है और जिम्मेदार अधिकारी तो जलभराव होने पर अपनी खामी मानते ही नहीं है। यही कारण है कि जिले में हर साल वर्षा में लोगों को जलभराव का सामना करना पड़ता है। पटेल नगर, नंदग्राम, विवेकानंदनगर जैसे इलाकों में लोगों के घरों में भी पानी भरना शुरू हो गया है।
वहीं, मौसम विभाग का कहना है कि बारिश का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। लगातार बारिश के चलते न केवल लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी, बल्कि इससे अधिकतम और न्यूनतम पारे में भी गिरावट देखने को मिलेगी।